दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज नहीं खेलेंगे हार्दिक और बुमराह? इस रिपोर्ट में हुआ खुलासा

IND vs SA ODI: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कुछ बड़ी अनुपस्थितियों के साथ आने वाली है. टीम मैनेजमेंट अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अपने प्रमुख खिलाड़ियों पर अत्यधिक सतर्कता बरत रहा है.

Hardik and Bumrah will not play ODI series against South Africa Revealed in this report
Image Source: Social Media

IND vs SA ODI: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कुछ बड़ी अनुपस्थितियों के साथ आने वाली है. टीम मैनेजमेंट अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अपने प्रमुख खिलाड़ियों पर अत्यधिक सतर्कता बरत रहा है. इसी रणनीति का असर यह है कि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन सकते.

जहाँ हार्दिक अभी भी अपनी जांघ की चोट से पूरी तरह उबरने की प्रक्रिया में हैं, वहीं बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम देने पर विचार किया जा रहा है. बीसीसीआई मानता है कि इस समय खिलाड़ियों को अनावश्यक जोखिम में डालना समझदारी नहीं होगी, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुंचने वाली हैं.

क्यों नहीं खेल पाएंगे हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह?

पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया कि हार्दिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी आरटीपी (रिटर्न टू प्ले) ट्रेनिंग कर रहे हैं. सितंबर में एशिया कप के दौरान लगी जांघ की चोट के बाद उन्हें अभी भी अपने कार्यभार को धीरे-धीरे बढ़ाने की जरूरत है. ऐसे में सीधे 50 ओवर फॉर्मेट में उतरना उनके लिए खतरे से खाली नहीं है. यही वजह है कि हार्दिक को निकट भविष्य में टी20 अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट पर ही फोकस करने की सलाह दी गई है.

दूसरी ओर, तेज गेंदबाज बुमराह को भी मैनेजमेंट वनडे सीरीज से आराम देने के मूड में है. टीम का मानना है कि इस सीरीज का टी20 वर्ल्ड कप की योजनाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, इसलिए बुमराह का वर्कलोड अभी से नियंत्रित रखना कहीं ज्यादा लाभदायक होगा.

हार्दिक की संभावित वापसी

सूत्रों का कहना है कि हार्दिक आने वाले दिनों में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए खेलकर अपनी फिटनेस का प्रमाण दे सकते हैं. उसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी नजर आ सकते हैं. 

हालांकि न्यूजीलैंड के सफर में भी एक वनडे सीरीज शामिल है, लेकिन विश्व कप तक वनडे क्रिकेट को लेकर टीम मैनेजमेंट कोई अतिरिक्त दबाव नहीं बना रहा है. अगले साल होने वाले आईपीएल के बाद सीनियर खिलाड़ी 2027 वनडे विश्व कप चक्र के लिए पूरी तरह तैयारियों में जुट जाएंगे.

यह भी पढ़ें- भारत-जर्मनी डिफेंस साझेदारी को मिली नई उड़ान, रक्षा और उद्योग सहयोग मजबूत करने पर दिया जोर