WPL 2026: जीता हुआ मैच... फिर कैसे आखिरी गेंद पर हार गई मुंबई इंडियंस? कप्तान हरमनप्रीत ने बताया कारण

WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत मुंबई इंडियंस के लिए बेहद निराशाजनक रही. टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई को आखिरी गेंद पर हार का सामना करना पड़ा.

Harmanpreet Kaur Angry Losing match from rcb
Image Source: Social Media

WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत मुंबई इंडियंस के लिए बेहद निराशाजनक रही. टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई को आखिरी गेंद पर हार का सामना करना पड़ा. जीत के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद मुंबई इंडियंस दो रन नहीं बचा सकी और रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने तीन विकेट से बाज़ी मार ली.


मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर का गुस्सा और निराशा साफ नजर आई. उन्होंने खुलकर स्वीकार किया कि आखिरी ओवर में गेंदबाज़ी उनकी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी रही. मुंबई की ओर से अंतिम ओवर फेंकने उतरी अनुभवी गेंदबाज़ नेट शीवर-ब्रंट ने उस ओवर में 20 रन लुटा दिए, जिसने पूरा मैच आरसीबी के पक्ष में पलट दिया. हरमनप्रीत ने कहा कि टीम जानती थी कि नाडिन डी क्लर्क दबाव में भी बड़े शॉट खेलने की काबिलियत रखती हैं, लेकिन इसके बावजूद जरूरी सटीकता गेंदबाज़ी में नहीं दिखी.

कैच छोड़े, मौका गंवाया

कप्तान ने यह भी माना कि फील्डिंग में हुई गलतियों ने टीम को भारी नुकसान पहुंचाया. हरमनप्रीत के मुताबिक डी क्लर्क के दो-तीन अहम कैच छूटे और जब किसी बल्लेबाज़ को बार-बार जीवनदान मिलता है, तो वह और ज्यादा आत्मविश्वास के साथ खेलता है. उन्होंने कहा कि मौके जरूर मिले थे, लेकिन टीम उन्हें भुना नहीं सकी.

डी क्लर्क की धमाकेदार पारी

इस मुकाबले की हीरो रहीं आरसीबी की नाडिन डी क्लर्क, जिन्होंने 44 गेंदों पर नाबाद 63 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 155 रनों के लक्ष्य को आखिरी ओवर में हासिल कर लिया. 20वें ओवर की अंतिम चार गेंदों पर आए 20 रन ने मुकाबले को पूरी तरह पलट दिया. इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट पर 154 रन बनाए थे. मुंबई के लिए निकोला कैरी और अमेलिया केर ने गेंदबाज़ी में दो-दो विकेट जरूर झटके, लेकिन वह जीत के लिए काफी साबित नहीं हुए.

हार से सबक लेने की बात

मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम ने जीत के लिए लगभग हर जरूरी चीज सही की, लेकिन आखिरी ओवर में एक अच्छी गेंद डालने में नाकाम रही. उन्होंने माना कि WPL जैसे टूर्नामेंट में ऐसे रोमांचक मुकाबले आम बात हैं और एक मैच पर ज्यादा सोचने से आगे के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है. हरमनप्रीत ने यह भी स्वीकार किया कि पावरप्ले में बल्लेबाज़ी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. उन्होंने भरोसा जताया कि टीम अगले मुकाबले से पहले बैठकर इन कमियों पर चर्चा करेगी और बेहतर रणनीति के साथ मैदान पर उतरेगी.

आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

कप्तान के मुताबिक पिच की शुरुआत में बल्लेबाज़ी आसान नहीं थी, लेकिन बाद में हालात सुधर गए. अब टीम को परिस्थितियों की बेहतर समझ मिल चुकी है और उम्मीद है कि आने वाले मैचों में मुंबई इंडियंस ज्यादा संतुलित और दमदार प्रदर्शन करेगी. WPL 2026 की यह शुरुआत भले ही मुंबई के लिए निराशाजनक रही हो, लेकिन हरमनप्रीत कौर का आत्मविश्वास बताता है कि टीम जल्दी ही वापसी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

यह भी पढ़ें: WPL 2026: रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को RCB ने दी शिकस्त, अंतिम ओवर में नादिन डिक्लर्क ने पलट दी बाजी