दिल्ली-NCR में हीटवेव का कहर, अगले कुछ दिनों में 45 डिग्री तक जा सकता है पारा; IMD का अलर्ट

Delhi-NCR Heatwave: राजधानी दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में तेज गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 22 मई तक कई इलाकों में लू और गंभीर लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है.

Heatwave wreaks havoc in Delhi-NCR mercury may reach 45 degrees in next few days IMD alert
Image Source: ANI/ File

Delhi-NCR Heatwave: राजधानी दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में तेज गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 22 मई तक कई इलाकों में लू और गंभीर लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इसके बाद आसमान साफ रहने की वजह से गर्मी और बढ़ सकती है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

क्या होती है हीटवेव?

मौसम विभाग के मुताबिक, जब मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाए और सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जाए, तो उसे हीटवेव यानी लू कहा जाता है. अगर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा पहुंच जाए, तो उसे गंभीर गर्मी की स्थिति माना जाता है.

गर्मी से स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर

तेज गर्मी और लू की वजह से लोगों को डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

गर्मी से बचने के लिए रखें सावधानी

डॉक्टरों और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में कम निकलने की सलाह दी है. ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने और बाहर जाते समय टोपी, छाता या गमछे का इस्तेमाल करने को कहा गया है. बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है.

अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद कम

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है. लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- सिंधु जल संधि पर भारत का लहजा सख्त, इंटरनेशनल कोर्ट के फैसले को किया खारिज; पाक को दी चेतावनी