दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत, Video

भीषण गर्मी और उमस से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शनिवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे तेज धूप का असर कम दिखाई दिया.

Heavy rain accompanied by storm in Delhi-NCR Video
Image Source: ANI

भीषण गर्मी और उमस से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शनिवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे तेज धूप का असर कम दिखाई दिया. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत महसूस की.

दिल्ली के आईटीओ, लक्ष्मीनगर समेत कई हिस्सों में बारिश और ठंडी हवाओं का असर देखने को मिला. वहीं एनसीआर के कुछ इलाकों में भी बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश की संभावना जताई थी. विभाग के अनुसार, राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों तक धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कई जगहों पर बिजली चमकने और गरज के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है.

हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में भी असर

मौसम विभाग ने हरियाणा के सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, नूंह, चरखी दादरी और फरुखनगर समेत कई इलाकों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था. इसके अलावा राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई थी.

बादलों और बूंदाबांदी से गिरा तापमान

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली. इंदिरापुरम समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी के चलते मौसम खुशनुमा हो गया और तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई.