Sitapur Bus Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. संदना थाना क्षेत्र के सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर बरगदिया गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि बस में आंध्र प्रदेश के करीब 50 श्रद्धालु सवार थे. हादसे के समय बस सड़क से गुजर रही थी, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस खड्ड में पलट गई.
हादसे में बाइक सवार की मौत
इस दर्दनाक हादसे की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई.
बस में फंसे श्रद्धालुओं को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद बस में बैठे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई. कई लोग बस के अंदर फंस गए थे. स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बस को सीधा करने की कोशिश जारी
हादसे के बाद बस पूरी तरह खड्ड में फंस गई. उसे बाहर निकालने और सीधा करने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली जा रही है. प्रशासन की टीम लगातार मौके पर मौजूद है और राहत कार्य जारी है.
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. पुलिस ने हालात को संभालते हुए रास्ता खाली कराया और राहत कार्य तेज कराया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- 'गया तो मारा जाऊंगा और नहीं गया तो...' बेटे की शादी में जाने से क्यों डर रहे ट्रंप? देखें Video