दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद ढहा मकान, मलबे में दबने से कई लोग घायल; देखें Video

राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मंजिला मकान ढह गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

House collapsed after LPG cylinder blast in Mukundpur Delhi Video
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मंजिला मकान ढह गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुकुंदपुर इलाके में अचानक जोरदार धमाका हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना शक्तिशाली था कि कुछ ही क्षणों में पूरी इमारत धराशायी हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई.

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं दमकल और पुलिस की टीमें

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

छह लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

दिल्ली पुलिस के मुताबिक हादसे में छह लोग घायल हुए हैं. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी स्थिति को लेकर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां बर्तन पॉलिश करने का कार्य भी किया जाता था. जांच एजेंसियां विस्फोट और भवन गिरने के कारणों की पड़ताल कर रही हैं.

हाल के दिनों में दूसरा बड़ा भवन हादसा

मुकुंदपुर की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कुछ दिन पहले दक्षिण दिल्ली के साकेत क्षेत्र में भी एक बहुमंजिला इमारत गिरने का गंभीर हादसा हुआ था. उस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.

साकेत हादसे की जांच जारी

साकेत में हुए भवन हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की थी. अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई थी और हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए थे. बताया गया था कि इमारत की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक पूरी संरचना ढह गई और पास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.

ये भी पढ़ें- El Nino: गर्मी, सूखा, कम बारिश... दुनियाभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, भारत पर क्या होगा अल नीनो का असर?