जुए की जंजीर, शराब की लत... नेपाल में कैसे बर्बाद हो रहे यूपी के Gen-Z, सुशीला सरकार में बदलेगी तस्वीर?

नेपाल की सीमाओं के उस पार, एक ऐसी दुनिया पल रही है, जो इन सपनों को निगल रही है और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के Gen-Z युवा शिकार हो रहे हैं.

How Nepal Casinos & Online Betting Are Ruining Uttar pradesh Gen Z
Image Source: Freepik

आज के युवा जिस भविष्य का सपना देखते हैं, उसमें सुरक्षित करियर, सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता सबसे ऊपर होती है. लेकिन नेपाल की सीमाओं के उस पार, एक ऐसी दुनिया पल रही है, जो इन सपनों को निगल रही है और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के Gen-Z युवा शिकार हो रहे हैं. पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर जैसे शहरों से रोज़ाना कई युवा इस जाल में फंस रहे हैं, जहां चकाचौंध है, लेकिन अंजाम केवल बर्बादी.

शराब, शटल और शैतानी जाल

नेपाल के महेन्द्रनगर में स्थित कई कैसीनो अब नशे और जुए के नए अड्डे बन चुके हैं. यहां तक कि भारतीय युवाओं को लुभाने के लिए फ्री शटल सर्विस, मुफ्त शराब और बाकी “सुविधाएं” भी दी जाती हैं. एक बार जो वहां पहुंचा, वो फिर लौटता तो है लेकिन खाली जेब, भारी कर्ज और टूटी उम्मीदों के साथ.

जुए की लत, नौकरी की बर्बादी

शुरुआत में ये कैसीनो युवाओं को छोटे-मोटे गेम्स में जीत का लालच देकर फंसाते हैं. कुछ पैसे जीतने के बाद, जोश में होश गवां बैठते हैं. धीरे-धीरे हालत ऐसी हो जाती है कि अपनी सारी सेविंग्स, गहने, यहां तक कि घर भी दांव पर लग जाते हैं. पीलीभीत के एक युवा ने ऑफ रिकॉर्ड बताया कि कैसे उसने अपना मकान तक गिरवी रख दिया सिर्फ़ अपने नुकसान की भरपाई करने के लिए.

कैमरे से दूर, पछतावे से पास

इन जुए के अड्डों में फंस चुके युवा अब कैमरे के सामने बोलने को तैयार नहीं होते. लेकिन जब कोई भरोसे से बातचीत करता है, तो वे अपने दर्द और पछतावे को छिपा नहीं पाते. उन्हें अब समझ में आ चुका है कि फैंसी कैसीनो की लाइट्स असल में एक अंधेरी सुरंग का रास्ता हैं.

राजनीति की लापरवाही, प्रशासन की सुस्ती

सबसे दुखद बात यह है कि ये सब कुछ नेपाल की राजनीति और सिस्टम की मिलीभगत से हो रहा है. भ्रष्टाचार के साए में ये नेटवर्क फल-फूल रहे हैं. भारत की तरफ से SSB कभी-कभी चेकिंग ज़रूर करती है, लेकिन युवाओं की बढ़ती संख्या और लत के आगे ये कोशिशें बहुत छोटी साबित होती हैं.

PM सुशीला कार्की से उम्मीदें?

नेपाल की नई प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से उम्मीद की जा रही है कि वो इस गंदे खेल पर लगाम लगाएं. युवा आंदोलन पहले ही बता चुका है कि वहां के लोग अब बदलाव चाहते हैं. अगर नेपाल सरकार ने जल्द कोई कड़ा कदम नहीं उठाया, तो ये केवल भारत नहीं, नेपाल की आने वाली पीढ़ियों के लिए भी खतरा बन सकता है.

ये भी पढ़ें: 'अब और परेशान नहीं करना चाहते, सॉरी..', मां ने बेटे के साथ 13वीं मंजिल से लगाई छलांग, दोनों की मौत