Healthy Lifestyle At Office: क्या आपको भी ऐसा लगता है कि काम कभी खत्म ही नहीं होता? सुबह की मीटिंग से लेकर देर रात की डेडलाइन तक, ये सिलसिला जैसे थमता ही नहीं. लेकिन सोचिए, इस तेज़ रफ्तार में अगर आपकी सेहत ही साथ न दे, तो क्या आप वाकई अपनी पूरी क्षमता से काम कर पाएंगे?
हम सब मेहनती हैं, लेकिन खुद को नज़रअंदाज़ करके नहीं. हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि, अगर आप कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाएं, तो वर्क स्ट्रेस को कंट्रोल करना और खुद को फिट रखना बिल्कुल मुमकिन है. डॉ. अरविंद कुमार के मुताबिक़, "सेहत और काम दोनों साथ चल सकते हैं, बस थोड़ा सा बैलेंस बनाना ज़रूरी है."
तो चलिए जानते हैं वो 5 आसान टिप्स, जो आपकी वर्क लाइफ को हेल्दी बना सकते हैं:
हर एक-दो घंटे में लें छोटा ब्रेक
लगातार लैपटॉप पर घंटों झुके रहना आपकी पीठ, आंखों और दिमाग, तीनों के लिए खतरनाक हो सकता है. हर 60-90 मिनट बाद 5 मिनट का ब्रेक लें. उस दौरान हल्की स्ट्रेचिंग करें, पानी पिएं, खिड़की के पास जाकर थोड़ा बाहर देखें या टहल लें. इससे आपकी एनर्जी रीसेट होगी और स्ट्रेस कम महसूस होगा.
फास्ट फूड से दूरी, हेल्दी स्नैक्स से दोस्ती
वर्क लोड के चलते बाहर का खाना आसान ऑप्शन लगता है, लेकिन ये सेहत के लिए धीमा ज़हर हो सकता है. अपने डेस्क पर ड्राई फ्रूट्स, कटे हुए फल, स्प्राउट्स या होममेड स्नैक्स रखें. ये ना सिर्फ हेल्दी होते हैं, बल्कि आपको लो एनर्जी फील भी नहीं होने देते.
नींद को न करें नजरअंदाज़
"आज थोड़ा और काम कर लूं, नींद बाद में ले लूंगा", ये सोच आपके दिमाग और शरीर को थका देती है. नींद सिर्फ आराम नहीं, बल्कि रीचार्जिंग का तरीका है. कोशिश करें कि हर दिन कम से कम 6-8 घंटे की नींद लें. इससे अगला दिन ज्यादा प्रोडक्टिव और पॉजिटिव लगेगा.
डेली रूटीन में शामिल करें एक्सरसाइज
अगर आप दिनभर बैठकर काम करते हैं, तो आपकी बॉडी को मूवमेंट की सख्त ज़रूरत है. दिन में 20-30 मिनट की वॉक, योगा या हल्की कसरत से आपकी मेंटल और फिजिकल हेल्थ दोनों में सुधार आएगा. सुबह थोड़ा जल्दी उठने की आदत डालें, शुरुआत में मुश्किल लगेगा, लेकिन फर्क साफ दिखेगा.
डिजिटल स्क्रीन से थोड़ी दूरी बनाएं
लगातार स्क्रीन पर काम करना आपकी आंखों और ब्रेन के लिए थकावट भरा हो सकता है. ऐसे में अपनाएं 20-20-20 रूल, हर 20 मिनट में, 20 सेकंड के लिए, 20 फीट दूर देखें. यह आपकी आंखों की मसल्स को आराम देगा और सिरदर्द व स्ट्रेस से बचाएगा.
यह भी पढ़ें- Bihar SIR: पाकिस्तानी महिलाओं का बिहार में वोटर कार्ड! गृह मंत्रालय के उड़े होश, जानें क्या है पूरा मामला