दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजधानी की महिला यात्रियों को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की है. महिलाओं की यात्रा को और अधिक सुरक्षित, सुलभ और किफायती बनाने के उद्देश्य से DMRC ने ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ लॉन्च करने की योजना बनाई है. यह कार्ड महिलाओं को न सिर्फ किराये में रियायत देगा, बल्कि उन्हें अलग पहचान और अतिरिक्त सुविधाएं भी प्रदान करेगा.
यह एक विशेष मेट्रो स्मार्ट कार्ड है, जो केवल महिलाओं के लिए तैयार किया गया है. इसकी कार्यप्रणाली सामान्य मेट्रो कार्ड की तरह ही होगी, लेकिन इसमें महिलाओं को कई अतिरिक्त लाभ मिलेंगे. DMRC के अनुसार, इस कार्ड के ज़रिए महिलाओं को किराये पर 10% तक की छूट दी जाएगी. इसके अलावा, समय-समय पर स्पेशल ऑफर्स, रिवॉर्ड पॉइंट्स और कस्टमाइज्ड बेनिफिट्स भी दिए जाएंगे, जिससे रोजाना मेट्रो से सफर करने वाली महिलाओं को आर्थिक लाभ होगा.
कब से मिलेगा यह कार्ड?
भाई दूज के मौके पर इस योजना की शुरुआत होने की संभावना है. हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस कार्ड के ज़रिए मुफ्त यात्रा की बात भी कही जा रही है, लेकिन फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
ऐसे बनवाएं ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’
जो महिलाएं इस कार्ड का लाभ लेना चाहती हैं, वे दिल्ली मेट्रो के किसी भी प्रमुख स्टेशन पर जाकर इसे बनवा सकती हैं. जरूरी दस्तावेज़: आधार कार्ड / वोटर आईडी / कोई वैध फोटो पहचान पत्र किसी फॉर्म की ज़रूरत नहीं होगी सिर्फ पहचान पत्र दिखाकर काउंटर से कार्ड मिल जाएगा. कार्ड मिलने के बाद इसे सामान्य मेट्रो कार्ड की तरह ही रिचार्ज किया जा सकता है. रिचार्ज की सुविधा मेट्रो स्टेशनों, DMRC की वेबसाइट, और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध रहेगी. यदि महिलाएं इस कार्ड को डेबिट या प्रीपेड कार्ड के रूप में उपयोग करना चाहें, तो उन्हें केवाईसी फॉर्म भरकर बैंक में आवेदन करना होगा.
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
DMRC का यह कदम न केवल महिला यात्रियों को आर्थिक राहत देगा, बल्कि उन्हें यात्रा के दौरान सुरक्षा, सम्मान और सुविधा का अनुभव भी कराएगा. हर दिन लाखों महिलाएं दिल्ली मेट्रो से सफर करती हैं, ऐसे में यह कार्ड उन्हें न सिर्फ एक अलग पहचान, बल्कि आत्मनिर्भरता का अहसास भी दिलाएगा. DMRC ने बयान में कहा है कि “‘सहेली कार्ड’ महिला यात्रियों के लिए सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा और सार्वजनिक परिवहन में उनकी भागीदारी को और मजबूत करेगा.”
यह भी पढ़ें: कैसे बनवा सकते हैं 'सहेली पिंक कार्ड'? जानें किन डॉक्यूमेंट्स होगी जरूरत