धुरंधर पर ऋतिक रोशन ने दिया रिव्यू, लेकिन मूवी में ये चीज नहीं आई पसंद

Hrithik Roshan Praises Dhurandhar: रणवीर सिंह की हालिया रिलीज धुरंधर इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाल कर रही है. फिल्म न सिर्फ कमाई के आंकड़ों में दमदार प्रदर्शन कर रही है, बल्कि दर्शकों के दिलों पर भी राज कर रही है.

Hrithik Roshan Praises Dhurandhar but not liked politics
Image Source: Social Media

Hrithik Roshan Praises Dhurandhar: रणवीर सिंह की हालिया रिलीज धुरंधर इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाल कर रही है. फिल्म न सिर्फ कमाई के आंकड़ों में दमदार प्रदर्शन कर रही है, बल्कि दर्शकों के दिलों पर भी राज कर रही है. सोशल मीडिया पर हर तरफ इसकी तारीफों की लहर है. फैंस हों या इंडस्ट्री के सितारे, सभी इस स्पाइ थ्रिलर की सराहना करते दिख रहे हैं. इसी बीच, बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन भी फिल्म देखकर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिल खोलकर प्रतिक्रिया दी. हालांकि, एक पहलू ऐसा भी था जो उन्हें खटक गया.

ऋतिक रोशन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में धुरंधर की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें ऐसी कहानियां बेहद पसंद हैं जो दर्शकों को कहानी की गहराई में खींच ले जाएं. उन्होंने कहा कि एक अच्छा फिल्ममेकर किरदारों को परिस्थितियों के भंवर में डालता है और कहानी को उनके जरिए खुद अपनी बात कहने देता है.ऋतिक के शब्दों में मुझे सिनेमा पसंद है, मुझे ऐसे लोग पसंद हैं जो कहानी को कंट्रोल करने देते हैं. धुरंधर उसी का शानदार उदाहरण है. इसका नैरेटिव स्टाइल मुझे बेहद पसंद आया. यह सिनेमा है खरा और सधा हुआ. 

फिल्म की ‘पॉलिटिक्स’ पर ऋतिक की नाराज़गी

जहां एक ओर ऋतिक फिल्म की कहानी, निर्देशन और ट्रीटमेंट के कायल दिखे, वहीं उन्होंने साफ कहा कि वे फिल्म की ‘पॉलिटिक्स’ यानी राजनीतिक झुकाव से पूरी तरह सहमत नहीं हैं. उन्होंने लिखा शायद मैं इसकी पॉलिटिक्स से सहमत न होऊं. हो सकता है इस पर बहस की जा सके कि फिल्ममेकर्स को समाज के प्रति कौन-सी ज़िम्मेदारियां निभानी चाहिए. लेकिन एक सिनेमा स्टूडेंट के रूप में मुझे यह फिल्म बेहद पसंद आई और मैंने इससे काफी कुछ सीखा. यह वाकई कमाल की फिल्म है.

रणवीर–अक्षय की जोड़ी छा गई

धुरंधर में रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस को सबसे ज्यादा सराहना मिल रही है. विशेषकर अक्षय खन्ना, जिन्होंने एक बार फिर अपने विलेन अवतार से दर्शकों को हैरान कर दिया. उनके किरदार की गहराई और अभिनय की तीव्रता पर हर कोई चर्चा कर रहा है.

स्पाइ थ्रिलर की कहानी और सीक्वल का इंतज़ार

यह फिल्म पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर आधारित एक तेज-तर्रार स्पाइ थ्रिलर है जिसमें रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और संजय दत्त अहम भूमिकाओं में नजर आए. रोमांचक ट्विस्ट और गहरे प्लॉट के कारण दर्शक इस दुनिया में पूरी तरह डूब चुके हैं. फिल्म के निर्माताओं ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि धुरंधर पार्ट 2 अगले साल रिलीज होगा. फैंस अभी से इसके लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: हम बस नंबर लगाते रह गए, ये डकैत गोरी मैम को एक झटके में लेके उड़ गओ; ये सीन देख हप्पू सिंह का छलका दर्द