आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर दिया. कल्लूर मंडल के चिन्णाटेकुर इलाके में हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की वोल्वो बस अचानक आग की लपटों में घिर गई. हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बस की टक्कर हाईवे पर एक दोपहिया वाहन से हो गई. टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जो देखते ही देखते भयंकर रूप ले ली. हादसे के वक्त बस में कई यात्री सवार थे. शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि करीब 12 यात्री इमरजेंसी एग्जिट से बाहर निकलने में कामयाब रहे. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कर्नूल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है.
राहत-बचाव में जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटीं, लेकिन बस पूरी तरह जल चुकी थी. हादसे के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस में सवार यात्रियों की सटीक संख्या की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डीएनए जांच दल को बुलाया गया है, ताकि मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके.
हैदराबाद के कुरनूल में बड़ा हादसा
— Bharat 24 - Vision Of New India (@Bharat24Liv) October 24, 2025
कालेश्वरम ट्रैवल्स बस में लगी भीषण आग
हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही थी बस
बाइक को टक्कर मारने के बाद लगी आग
हादसे में 20 यात्रियों की मौत की आशंका
बस में 40 लोग सवार थे
हादसे पर सीएम नायडू ने दुख जताया
राहत और बचाव काम में तेजी लाने के दिए… pic.twitter.com/7297VuiCEt
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं भयावह तस्वीरें
हादसे के तुरंत बाद मौके से तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए. वीडियो में बस को आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है, जबकि आसपास मौजूद लोग राहत कार्य में जुटे हैं. पूरे राज्य में इस हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय निवासियों ने बताया कि हादसे के वक्त बस से मदद की पुकारें सुनाई दे रही थीं, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया.
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर निजी बस ऑपरेटरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है. लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम अक्सर नदारद रहते हैं. परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: किसानों के लिए खुशखबरी! इस दिन जारी हो सकती है 21वीं किस्त, खाते में आएंगे 2000 रुपये