ICC रैंकिग में दीप्ति शर्मा का जलवा, बनीं दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज, स्मृति मंधाना से छिना ताज

महिला ओडीआई बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय स्टार स्मृति मंधाना ने अपना शीर्ष स्थान खो दिया है, वहीं भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रिकॉर्ड बनाते हुए नंबर-1 टी20 गेंदबाज का दर्जा हासिल किया है.

ICC Rankings Deepti Sharma became the world number 1 T20 bowler
Image Source: ANI/ File

ICC Rankings: आईसीसी ने मंगलवार, 23 दिसंबर को महिला क्रिकेट की नई रैंकिंग जारी की है, जिसमें कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं. महिला ओडीआई बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय स्टार स्मृति मंधाना ने अपना शीर्ष स्थान खो दिया है, वहीं भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रिकॉर्ड बनाते हुए नंबर-1 टी20 गेंदबाज का दर्जा हासिल किया है.

स्मृति मंधाना का टॉप स्थान गंवाया

महिला ओडीआई बल्लेबाजों की रैंकिंग में स्मृति मंधाना को नुकसान हुआ है. भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज पहले नंबर पर थीं, लेकिन ताजा रैंकिंग में वह दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं. अब दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट ने 820 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टॉप पोजिशन हासिल की है, जबकि मंधाना के 811 रेटिंग पॉइंट्स हैं. इस लिस्ट में टॉप-10 में कोई और बदलाव नहीं हुआ है, जिसमें एश्ली गार्डनर और नैट सिवर ब्रंट जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

दीप्ति शर्मा बनीं नंबर-1 टी20 गेंदबाज

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने 21 दिसंबर को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 20 रन देकर 1 विकेट लिया. इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत दीप्ति ने 737 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर-1 टी20 गेंदबाज का स्थान हासिल किया. इसके साथ ही, उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज एन्नाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ दिया, जिनके पास 736 रेटिंग पॉइंट्स हैं. यह दीप्ति का पहला मौका है जब वह नंबर-1 टी20 गेंदबाज बनी हैं.

दीप्ति शर्मा की ऑलराउंड रैंकिंग में भी शानदार स्थिति

दीप्ति शर्मा की प्रदर्शन की वजह से न केवल वह टी20 गेंदबाज रैंकिंग में टॉप पर हैं, बल्कि ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उनका दबदबा बना हुआ है. ओडीआई ऑलराउंडर रैंकिंग में दीप्ति चौथे स्थान पर हैं, जबकि टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में वह तीसरे स्थान पर काबिज हैं. इस सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर हैं, जिनके पास 498 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज पहले स्थान पर हैं.

श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में प्रदर्शन

भारतीय महिला टीम इस समय श्रीलंका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है. सीरीज का दूसरा मैच आज विशाखापट्टनम में खेला जाएगा. मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा, और दीप्ति शर्मा के पास एक नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है. यदि वह आज के मैच में 2 विकेट हासिल करती हैं, तो वह अपने 150वें टी20 इंटरनेशनल विकेट की उपलब्धि हासिल कर लेंगी. फिलहाल, दीप्ति शर्मा के नाम 130 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 148 विकेट हैं.

ये भी पढ़ें: Virat Kohli: विजय हजारे ट्रॉफी में कैसा है विराट कोहली का रिकॉर्ड? कब खेला था आखिरी मैच, जानें सबकुछ