Ikkis Box Office: धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म इक्कीस ने पहले दिन की कितनी कमाई? पढ़ें बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Ikkis Box Office Collection: नए साल 2026 की शुरुआत बॉलीवुड के लिए भी काफी धमाकेदार रही है. एक तरफ रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है.

Ikkis Box Office Collection first day earns 7 cr
Image Source: Social Media

Ikkis Box Office Collection: नए साल 2026 की शुरुआत बॉलीवुड के लिए भी काफी धमाकेदार रही है. एक तरफ रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है, तो दूसरी ओर 1971 के युद्ध पर आधारित फिल्म इक्कीस ने भी रिलीज के साथ ही अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है. अगस्त्य नंदा, सिमर भाटिया, धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को उस वक्त सिनेमाघरों में उतारा गया, जब धुरंधर का क्रेज अपने चरम पर है. इसके बावजूद इक्कीस ने पहले ही दिन ठीक-ठाक ओपनिंग लेकर इंडस्ट्री को चौंका दिया.


बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, नई जोड़ी अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया की फिल्म इक्कीस ने रिलीज के पहले दिन करीब 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. हिंदी बेल्ट में फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी लगभग 32 फीसदी रही. अगर शो वाइज आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह के शो में करीब 12 फीसदी दर्शक पहुंचे, दोपहर में यह आंकड़ा बढ़कर 35 फीसदी से ज्यादा हो गया. शाम के शो में फिल्म को सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिला, जहां ऑक्यूपेंसी करीब 47 फीसदी दर्ज की गई, जबकि नाइट शोज में यह आंकड़ा 33 फीसदी के आसपास रहा.

28वें दिन भी ‘धुरंधर’ का जलवा बरकरार

इक्कीस की रिलीज वाले दिन रणवीर सिंह की धुरंधर ने सिनेमाघरों में 28 दिन पूरे कर लिए. इसके बावजूद फिल्म की कमाई की रफ्तार थमी नहीं. 28वें दिन धुरंधर ने करीब 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.भारत में 27 दिनों के भीतर ही इस फिल्म ने 766.90 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया था. 27वें दिन फिल्म ने 12.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जिसके बाद अब यह 800 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच चुकी है.

‘तू मेरी मैं तेरा…’ की हालत कमजोर

वहीं दूसरी ओर कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर रोमांटिक ड्रामा तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा और तू मेरी बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है. फिल्म ने अपने आठवें दिन सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये कमाए. अब तक इसका कुल कलेक्शन करीब 30.20 करोड़ रुपये पहुंच पाया है. मौजूदा हालात को देखते हुए फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर टिक पाना मुश्किल नजर आ रहा है.

क्या है ‘इक्कीस’ की कहानी

श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इक्कीस साल 1971 के भारत-पाक युद्ध के नायक अरुण खेत्रपाल की वीरगाथा को पर्दे पर उतारती है. इस फिल्म में अगस्त्य नंदा ने शहीद सैनिक अरुण खेत्रपाल की भूमिका निभाई है. करीब 2 घंटे 24 मिनट की यह फिल्म देशभक्ति, बलिदान और जज्बे की कहानी कहती है.पहले ही दिन दर्शकों ने फिल्म के इमोशनल ट्रीटमेंट और दमदार कहानी की तारीफ की है. सिनेमाघर से बाहर निकलते वक्त कई दर्शक भावुक नजर आए, जो फिल्म के असर को साफ दिखाता है.

वीकेंड पर टिकी निगाहें

अब सबकी नजर नए साल के पहले वीकेंड पर टिकी हुई है. देखना दिलचस्प होगा कि इक्कीस वर्ड ऑफ माउथ के दम पर अपनी कमाई को कितना आगे बढ़ा पाती है, क्योंकि दूसरी तरफ धुरंधर का तूफान अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. बॉक्स ऑफिस पर यह मुकाबला आने वाले दिनों में और दिलचस्प होने वाला है.

यह भी पढ़ें: 2026 में साउथ के सुपरस्टार्स मचाएंगे तलहका, 'द राजा साब' से लेकर 'जेलर 2' तक.. ये फिल्में होंगी रिलीज