IMF ने पाकिस्तान को लगाई फटकार, वित्तीय कमजोरी और नकदी प्रबंधन पर दी चेतावनी

IMF Reprimands Pakistan: पाकिस्तान लंबे समय से आर्थिक संकट की चपेट में है और उसकी वित्तीय स्थिति हर गुजरते दिन के साथ और विकराल होती जा रही है. देश में आम जनता के लिए रोज़मर्रा की आवश्यकताओं की आपूर्ति से लेकर खाने-पीने तक की चीज़ों में संकट गहराता जा रहा है.

IMF reprimands Pakistan warns on financial weakness and cash management
Image Source: Social Media

IMF Reprimands Pakistan: पाकिस्तान लंबे समय से आर्थिक संकट की चपेट में है और उसकी वित्तीय स्थिति हर गुजरते दिन के साथ और विकराल होती जा रही है. देश में आम जनता के लिए रोज़मर्रा की आवश्यकताओं की आपूर्ति से लेकर खाने-पीने तक की चीज़ों में संकट गहराता जा रहा है. वहीं, राजनीतिक नेतृत्व अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के चलते जनता के पैसों का दुरुपयोग कर रहा है. इसी बीच अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी जारी की है और उसे वित्तीय सुधार के लिए तीन से छह महीने का समय दिया है.

IMF ने पाकिस्तान की कमजोर वित्तीय प्रबंधन प्रणाली, नकदी नियंत्रण की खामी और सार्वजनिक संसाधनों के अपर्याप्त आवंटन को लेकर असंतोष जताया है. रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सरकार अब भी एक ऐसे ढांचे में फंसी है जहां सरकारी पैसे का प्रवाह और उसके उपयोग में पारदर्शिता नहीं है. IMF ने स्पष्ट किया है कि राजनीतिक और व्यक्तिगत हितों के लिए देश के पैसों का दुरुपयोग गंभीर चिंता का विषय है.

सिंगल ट्रेजरी अकाउंट (TSA) में सुधार की सख्त मांग

IMF ने पाकिस्तान से सिंगल ट्रेजरी अकाउंट (TSA) प्रणाली में सुधार करने और राजकोषीय प्रबंधन को पारदर्शी बनाने का आग्रह किया है. TSA एक ऐसा वित्तीय ढांचा है, जिसके जरिए सभी सरकारी धनराशियों का प्रवाह केंद्रीकृत रूप से देखा जा सकता है. IMF का कहना है कि कमजोर TSA के कारण सरकार के नकदी शेष पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह पाया है. यही वजह है कि सरकारी खर्च में अनियंत्रित बढ़ोतरी, देरी और परियोजनाओं की लागत में इजाफा देखने को मिल रहा है.

IMF की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो साल में सुधार के बावजूद, पाकिस्तान का बजट विश्वसनीय नहीं है. यह कमजोर बजट विश्वसनीयता कई मैक्रो-क्रिटिकल शासन कमजोरियों को जन्म देती है. सार्वजनिक निवेश और परियोजना प्रबंधन में भी कई कमियां हैं. उदाहरण के लिए, सरकारी परियोजनाओं के लिए मंजूरी मिलने के बाद भी पैसे का प्रवाह सही समय पर नहीं होता, जिसके कारण परियोजनाओं में लंबी देरी और लागत में वृद्धि होती है.

IMF की रिपोर्ट में उजागर मुख्य बिंदु

  • कमजोर बजट नियंत्रण और नकदी प्रबंधन: IMF ने कहा कि पाकिस्तान में कई खर्चों के निर्णय मैन्युअल रूप से लिए जाते हैं और इन्हें वित्तीय अकाउंटिंग या बजट सिस्टम में शामिल नहीं किया जाता. इससे बजट को जमीन पर उतारना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है.
  • सार्वजनिक निवेश में कमियां: कई परियोजनाएं मंजूरी मिलने के बावजूद सही समय पर फंडिंग नहीं पाती हैं. इसका असर परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर पड़ता है और खर्च की लागत बढ़ जाती है.
  • राजकोषीय पारदर्शिता की कमी: सरकारी धन के प्रवाह में स्पष्टता का अभाव है. इससे राजनीतिक और व्यक्तिगत हितों के लिए धन का दुरुपयोग संभव होता है.
  • विश्लेषणात्मक क्षमता और नकदी पूर्वानुमान में सुधार की जरूरत: IMF ने पाकिस्तान से कहा है कि वह वित्तीय विश्लेषण और नकदी प्रबंधन में दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाए, जिससे भविष्य के वित्तीय संकटों से बचा जा सके.

तीन से छह महीने का अल्टीमेटम

IMF ने पाकिस्तान को तीन से छह महीने का समय दिया है कि वह TSA में निर्णय लेने की प्रक्रिया सुधारें, नकदी प्रबंधन मजबूत करें और बजट प्रवाह में पारदर्शिता लाए. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मजबूत संस्थागत कवरेज के बिना कमजोर TSA ढांचे के कारण स्थिति जटिल बनी हुई है. यदि पाकिस्तान समय रहते सुधार नहीं करता है, तो देश के लिए वित्तीय संकट और गहरा सकता है.

विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान की यह आर्थिक स्थिति सिर्फ वित्तीय कमजोरी नहीं है, बल्कि लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता और कमजोर प्रशासनिक नियंत्रण का भी नतीजा है. IMF की चेतावनी एक संकेत है कि यदि देश ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया, तो भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सहायता भी सीमित हो सकती है.

यह भी पढ़ें- टेस्ट में टीम इंडिया को लगातार क्यों मिल रही शिकस्त? तीसरा कारण कर देगा हैरान