Manav Suthar Debut: करीब छह महीने बाद भारतीय टेस्ट टीम मैदान पर उतरी और इस वापसी के साथ एक युवा खिलाड़ी का सपना भी साकार हो गया. न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में राजस्थान के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला. मैच शुरू होने से पहले उन्हें भारतीय टीम की प्रतिष्ठित टेस्ट कैप सौंपी गई और इसके साथ ही वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 319वें खिलाड़ी बन गए.
यह डेब्यू कई मायनों में खास रहा. मानव सुथार 2021 के बाद भारतीय टेस्ट टीम में डेब्यू करने वाले पहले स्पिनर बन गए हैं. युवा स्पिनर के लिए यह मौका उनके घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है.
कुलदीप यादव ने सौंपी टेस्ट कैप
6 जून से शुरू हुए भारत-अफगानिस्तान टेस्ट के साथ दो महत्वपूर्ण डेब्यू देखने को मिले. पहला, मुल्लांपुर का महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम पहली बार टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी कर रहा है और यह भारत का 31वां टेस्ट वेन्यू बन गया है. दूसरा और सबसे अहम डेब्यू मानव सुथार का रहा.
भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव ने सुथार को टेस्ट कैप प्रदान की. टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की मौजूदगी में यह भावुक क्षण देखने को मिला, जहां युवा स्पिनर ने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की.
The smile says it all ☺️🧢
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
Congratulations to debutant Manav Suthar as he receives his #TeamIndia Test cap from Kuldeep Yadav 🙌
Updates ▶️ https://t.co/Au50EfVM30#INDvAFG | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/YRa3nUnYIY
मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच थी कड़ी प्रतिस्पर्धा
मैच से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिए थे कि प्लेइंग इलेवन में बाएं हाथ के दो स्पिन ऑलराउंडरों में से किसी एक को मौका मिलेगा. चयन की दौड़ में मानव सुथार और हर्ष दुबे दोनों शामिल थे.
दोनों खिलाड़ियों के घरेलू रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े काफी हद तक समान दिखाई देते हैं. राजस्थान के लिए खेलने वाले मानव सुथार ने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट हासिल किए हैं. बल्लेबाजी में भी उन्होंने उपयोगी योगदान देते हुए 945 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं.
दूसरी ओर विदर्भ के हर्ष दुबे ने 27 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 133 विकेट लिए हैं और बल्ले से 1026 रन बनाए हैं. उनके नाम नौ अर्धशतक भी दर्ज हैं. ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के बीच चयन आसान नहीं माना जा रहा था.
आखिर सुथार को क्यों मिली प्राथमिकता?
रिकॉर्ड लगभग समान होने के बावजूद चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने मानव सुथार पर भरोसा जताया. इसके पीछे उनकी गेंदबाजी की कुछ खास खूबियां मानी जा रही हैं.
मानव सुथार की लंबाई हर्ष दुबे से अधिक है, जिससे उनका गेंद छोड़ने का बिंदु ऊंचा होता है. इससे उन्हें अतिरिक्त उछाल हासिल करने में मदद मिलती है और बल्लेबाजों के लिए उनकी गेंदों को पढ़ना मुश्किल हो जाता है. इसके अलावा सुथार लगातार एक ही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं, जो टेस्ट क्रिकेट में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है.
उनकी गेंद हवा में अधिक रिवॉल्यूशन के साथ घूमती है, जिससे टर्न, स्पीड और बाउंस का आकलन बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है. यही गुण उन्हें लंबे प्रारूप के लिए उपयुक्त बनाते हैं.
आईपीएल अनुभव भी बना बड़ा कारण
मानव सुथार पिछले दो आईपीएल सीजन से गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं. गुजरात के कप्तान शुभमन गिल हैं, जो अब भारतीय टेस्ट टीम की भी कमान संभाल रहे हैं. ऐसे में गिल को सुथार की गेंदबाजी को करीब से देखने और समझने का मौका मिला है.
भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
मैच की शुरुआत में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम चयन को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अंततः भारत ने संतुलित संयोजन के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया.
तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को जगह मिली, जबकि स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और डेब्यूटेंट मानव सुथार के कंधों पर सौंपी गई.
अफगानिस्तान ने भी दिया एक खिलाड़ी को डेब्यू का मौका
भारत की तरह अफगानिस्तान ने भी इस मुकाबले में एक नए खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में मौका दिया. युवा स्पिनर नांग्यालिया खरोटे ने इस मैच के जरिए अपना टेस्ट करियर शुरू किया.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सेदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, अफसर ज़ज़ई (विकेटकीपर), अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांग्यालिया खरोटे, जियाउर रहमान शफीकी, मोहम्मद सलीम सफी.
ये भी पढ़े- इंडिया पर दबाव बेअसर... पीएम मोदी के नेतृत्व की पुतिन ने की सराहना, रूस-भारत रिश्तों को बताया अटूट