IND vs ENG: ओवल में इंग्लैंड को भारी पड़ी ये तीन गलतियां! महज 45 मिनट में ही टीम इंडिया को हो गया फायदा

IND vs ENG: ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में मुकाबला बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच चुका है. जहां एक ओर दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों ने पहली पारी में कहर बरपाया.

IND vs ENG These three mistakes cost England heavily at the Oval Team India
Image Source: ANI

IND vs ENG: ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में मुकाबला बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच चुका है. जहां एक ओर दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों ने पहली पारी में कहर बरपाया, वहीं दूसरी पारी में भारत के यशस्वी जायसवाल ने इंग्लिश गेंदबाजों पर पलटवार करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और इंग्लैंड की खराब फील्डिंग ने भारत को एक अहम बढ़त दिला दी.

टेस्ट के दूसरे दिन का खेल पूरी तरह गेंदबाजों के नाम रहा. भारत की पहली पारी 224 रन पर सिमट गई, जबकि इंग्लैंड ने 247 रन बनाकर 23 रनों की छोटी लेकिन अहम बढ़त हासिल की. लग रहा था कि इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहेगा, लेकिन फिर जो हुआ उसने पूरा मैच पलट दिया.

जायसवाल का जवाब, फुल अटैक मोड में

दूसरी पारी में जैसे ही भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल मैदान पर उतरे, उन्होंने पहले ही ओवर से आक्रामक रुख अपना लिया. पहली पारी में महज 2 रन बनाकर आउट हुए जायसवाल इस बार पूरी तैयारी के साथ उतरे थे. तीसरे ओवर में ही उन्होंने तीन चौके जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए. महज 44 गेंदों में उन्होंने शानदार अर्धशतक पूरा किया और इंग्लैंड पर दबाव बनाना शुरू कर दिया.

इंग्लैंड की खराब फील्डिंग ने डुबोया खेल

इस आक्रमण में जायसवाल को इंग्लैंड की ढीली फील्डिंग का भी भरपूर फायदा मिला. महज 45 मिनट के अंदर इंग्लैंड ने तीन आसान कैच छोड़ दिए, दो जायसवाल के और एक साई सुदर्शन का. पहले हैरी ब्रूक ने तीसरी स्लिप में जायसवाल का कैच छोड़ा जब वह 20 रन पर थे. फिर लियम डॉसन ने डीप फाइन लेग पर 40 रन पर उनका दूसरा कैच टपकाया. तीसरा मौका साई सुदर्शन को मिला, जब क्रेग ओवरटन की गेंद पर जैक क्रॉली ने स्लिप में उनका कैच छोड़ दिया.

सुदर्शन की बदकिस्मती

हालांकि सुदर्शन इस जीवनदान का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके और जल्द ही 11 रन बनाकर LBW हो गए. लेकिन जायसवाल ने इंग्लैंड को उनके ही हथियार से मात दी और भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई.

भारत की पकड़ मजबूत

दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 2 विकेट पर 75 रन बना लिए थे और अब टीम के पास 52 रनों की बढ़त है. तीसरे दिन का खेल अब इस बात पर निर्भर करेगा कि भारत अपनी इस बढ़त को कितना आगे ले जा पाता है और इंग्लैंड वापसी के लिए क्या रणनीति अपनाता है. 

यह भी पढ़ें- करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड मिलने पर भावुक हुए शाहरुख खान, कहा- मैं ज़िंदगी भर सहेज कर...