IND vs NZ Final: फाइनल में नहीं खेलेंगे वरुण चक्रवर्ती! प्रैक्टिस सेशन के बाद क्यों उठे ऐसे सवाल?

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग-11 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

IND vs NZ Final Will Team India drop Varun Chakravarthy T20 World Cup
Image Source: ANI

IND vs NZ Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग-11 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले से पहले स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की जगह पर सवाल उठने लगे हैं. सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के बाद से ही उनकी फॉर्म चर्चा में है और अब प्रैक्टिस सेशन में दिखे कुछ संकेतों ने इस बहस को और तेज कर दिया है.

सेमीफाइनल में मिली जीत, लेकिन बढ़ गई चिंता

टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था.

हालांकि इतना बड़ा लक्ष्य होने के बावजूद इंग्लैंड की टीम अंत तक मुकाबले में बनी रही और एक समय ऐसा लगने लगा था कि मैच भारत के हाथ से निकल सकता है. लेकिन आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया.

इस मैच में कुछ गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी काफी महंगी साबित हुई. यही वजह है कि फाइनल से पहले उनकी जगह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

प्रैक्टिस सेशन में दिखा अलग नजारा

फाइनल मुकाबले से एक दिन पहले भारतीय टीम ने अहमदाबाद में अभ्यास किया. इस दौरान नेट्स में जो नजारा देखने को मिला, उसने टीम संयोजन को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए.

रिपोर्ट के मुताबिक, आमतौर पर नेट्स में शुरुआत में गेंदबाजी करने वालों में शामिल रहने वाले वरुण चक्रवर्ती इस बार शुरुआत में गेंदबाजी करते नहीं दिखे. उनकी जगह बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव ने शुरुआत से ही नेट्स में गेंदबाजी की.

कुलदीप यादव को बल्लेबाज रिंकू सिंह के खिलाफ गेंदबाजी करते देखा गया. इसके अलावा युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा भी नेट्स में गेंदबाजी करते नजर आए.

इस दौरान वरुण चक्रवर्ती ज्यादातर समय ड्रिंक्स बॉक्स के पास बैठे अभ्यास को देखते रहे. बाद में उन्होंने कुछ देर सिंगल स्टंप पर गेंदबाजी की और बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्कल के साथ चर्चा भी की. लेकिन शुरुआत में उनका गेंदबाजी के लिए न आना काफी हैरान करने वाला था.

कप्तान ने दिया समर्थन

हालांकि टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वरुण की फॉर्म को लेकर चिंता से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि वरुण अनुभवी गेंदबाज हैं और उन्हें पता है कि अपने प्रदर्शन को कैसे बेहतर बनाना है.

कप्तान के बयान के बावजूद फाइनल मुकाबले से पहले टीम संयोजन को लेकर अटकलें जारी हैं.

अच्छी शुरुआत के बाद बिगड़ी लय

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में वरुण चक्रवर्ती भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के अहम हथियार माने जा रहे थे. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ उनकी जोड़ी को बेहद प्रभावी माना जा रहा था.

ग्रुप स्टेज के दौरान उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ चार मैचों में 9 विकेट लिए और काफी किफायती भी रहे. लेकिन सुपर-8 राउंड में आते ही उनकी लय बिगड़ती दिखाई दी.

  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 4 ओवर में 47 रन
  • जिम्बाब्वे के खिलाफ 4 ओवर में 35 रन
  • वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 ओवर में 40 रन
  • इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन

इन चार मैचों में उन्होंने कुल 16 ओवर में 186 रन खर्च किए और उनकी इकॉनमी 11.50 रही, जो टीम के लिए चिंता का कारण बन गई.

ये भी पढ़ें- T20 World Cup final: रेलवे ने अहमदाबाद के लिए चलाई स्पेशल ट्रेन, देखें रूट और टाइमिंग