भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर ईशान किशन की एंट्री को लेकर माहौल गर्म है. लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बाद अब यह आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज़ भारतीय टी20 टीम में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार, 21 जनवरी को खेले जाने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ईशान किशन भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे. यह मैच नागपुर के मैदान पर खेला जाएगा और ईशान इस मुकाबले में नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करते नजर आएंगे.
ईशान किशन ने भारत के लिए आखिरी टी20 मैच 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था. इसके बाद टीम से बाहर चल रहे इस 27 वर्षीय बल्लेबाज़ ने घरेलू क्रिकेट में ऐसा प्रदर्शन किया कि चयनकर्ताओं को उन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल हो गया. लगातार रन बनाने और मैच जिताऊ पारियां खेलने के बाद आखिरकार ईशान को दोबारा नीली जर्सी पहनने का मौका मिल गया.
सूर्या ने बताई वापसी की वजह
पहले टी20 मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ईशान को टीम में शामिल करने के फैसले पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए तिलक वर्मा की अनुपलब्धता ने टीम मैनेजमेंट को यह फैसला लेने पर मजबूर किया, और ऐसे में नंबर-3 के लिए ईशान किशन सबसे उपयुक्त विकल्प हैं. सूर्यकुमार ने साफ शब्दों में कहा, ईशान नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करेंगे. वह हमारे वर्ल्ड कप प्लान का अहम हिस्सा हैं और इसी सोच के साथ उनका चयन किया गया है. भले ही उन्होंने लंबे समय से भारत के लिए नहीं खेला हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. लगभग एक साल बाद उन्हें मौका मिल रहा है और वह इसके पूरी तरह हकदार हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर टीम को नंबर-4 या नंबर-5 के बल्लेबाज़ की जरूरत होती, तो विकल्प अलग हो सकते थे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में ईशान से बेहतर कोई विकल्प नहीं था.
घरेलू क्रिकेट में ईशान का तूफान
ईशान किशन की वापसी सिर्फ नाम के दम पर नहीं हुई है, बल्कि इसके पीछे उनका शानदार घरेलू प्रदर्शन है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने झारखंड को उसका पहला खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई. पूरे टूर्नामेंट में ईशान ने 10 पारियों में 517 रन बनाए, उनका औसत 57.44 रहा और स्ट्राइक रेट 197 से ज्यादा का रहा, जो टी20 क्रिकेट में उनकी आक्रामकता को दर्शाता है. फाइनल मुकाबले में हरियाणा के खिलाफ ईशान ने सिर्फ 49 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी खेली. कप्तान के रूप में उन्होंने झारखंड को 262/3 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. इस यादगार पारी में 6 चौके और 10 छक्के शामिल थे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. झारखंड ने यह मुकाबला 69 रन से अपने नाम किया.
विजय हज़ारे ट्रॉफी में भी दिखी फॉर्म
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद ईशान किशन ने विजय हज़ारे ट्रॉफी में भी अपनी लय बरकरार रखी. कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़कर यह साबित कर दिया कि उनकी फॉर्म सिर्फ टी20 तक सीमित नहीं है. इसी दमदार प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की योजनाओं में शामिल किया और शुभमन गिल से पहले टीम में मौका दिया. अब सबकी निगाहें नागपुर में होने वाले पहले टी20 मुकाबले पर टिकी हैं, जहां ईशान किशन के पास एक बार फिर खुद को साबित करने और टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की करने का सुनहरा मौका होगा.
यह भी पढ़ें: WPL 2026: कौन है वो खिलाड़ी, जिसकी वैभव सूर्यवंशी से की जा रही तुलना? इस उम्र में किया डेब्यू