Mohammed Shami In Ranji Trophy: कोलकाता में खेला गया पहला टेस्ट भारतीय क्रिकेट टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. तीन दिनों के अंदर ही साउथ अफ्रीका ने भारत को 30 रनों से मात देकर सभी को चौंका दिया. भारत को सिर्फ 124 रन चाहिए थे, लेकिन साइमन हार्मर की जादुई गेंदबाजी ने इस लक्ष्य को हिमालय जैसा मुश्किल बना दिया. जहां हार्मर विकेटों की बारिश कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर टेम्बा बावुमा की जुझारू पारी ने अफ्रीका की जीत को मजबूत नींव दी.
मैच के तीसरे दिन की शुरुआत भारत के बड़े पलड़े के साथ हुई थी. साउथ अफ्रीका के सात विकेट गिर चुके थे और बढ़त सिर्फ 63 रन की थी. लेकिन यहां से कहानी पलट गई. भारतीय गेंदबाजों ने भरसक कोशिश की, फिर भी टेम्बा बावुमा को आउट नहीं कर पाए. बावुमा ने नाबाद 55 रनों की अहम पारी खेलते हुए न सिर्फ टीम को 100 से ज्यादा की बढ़त दिलाई, बल्कि वह इस टेस्ट के एकमात्र अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज भी बने. उनकी यह पारी मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुई.
रणजी ट्रॉफी में आग उगल रही है शमी की गेंदबाजी
जब भारत की हार के बाद टीम चयन पर सवाल उठे, तो सबसे ज्यादा चर्चा मोहम्मद शमी के नाम की हुई. शमी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया था, जबकि वह रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में थे. दो मैचों में 15 विकेट लेकर उन्होंने अपनी लय साबित की थी.
असम के खिलाफ भी शमी का जलवा देखने को मिला. बंगाल की ओर से खेलते हुए उन्होंने 23.2 ओवरों में 64 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. सूरज सिंधु जायसवाल ने भी तीन विकेट लिए और उनकी संयुक्त गेंदबाजी के दम पर असम की पूरी टीम 200 रन पर ढेर हो गई.
क्या दूसरे टेस्ट में शमी की होगी वापसी?
सबके मन में अब यही सवाल है कि क्या शमी दूसरे टेस्ट में खेलते नजर आएंगे. फिलहाल वे आधिकारिक स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए ऐसा होना मुश्किल लगता है. लेकिन भारत के पहले टेस्ट में करारी हार और शमी की शानदार फॉर्म को देखते हुए यह पूरी तरह नकारा भी नहीं जा सकता कि उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया जाए.
यह भी पढ़ें- फोन पर आने वाली स्पैम कॉल्स से हो गए हैं परेशान? छुटकारा पाने के लिए करें बस ये काम