IND vs WI Womens: महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम ने अपने वॉर्मअप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 26 रन से मात दी. कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए. जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी.
भारतीय बल्लेबाजी में भारती फुलमाली सबसे बड़ी स्टार रहीं. उन्होंने 40 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
शीर्ष क्रम से मिला अच्छा योगदान
भारती के अलावा स्मृति मंधाना ने 39 रन, यास्तिका भाटिया ने 36 रन और शेफाली वर्मा ने 29 रन की उपयोगी पारियां खेलीं. जेमिमा रोड्रिग्स 7 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़ और श्री चरणी ने भी छोटे-छोटे योगदान दिए. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं.
A winning start to our #T20WorldCup preparations 👏#TeamIndia with a strong all-round outing to register a 2⃣6⃣-run victory against West Indies in the warm-up match 👌#WomenInBlue pic.twitter.com/uiPfFjTdHK
— BCCI Women (@BCCIWomen) June 8, 2026
गेंदबाजी में श्रेयंका पाटिल का जलवा
भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. श्रेयंका पाटिल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को झकझोर दिया. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने कैरेबियाई टीम बड़े लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी.
अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी वेस्टइंडीज
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत मजबूत रही. ओपनर डिएंड्रा डॉटिन और शेमेन कैम्पबेल ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े. हालांकि इस साझेदारी के टूटते ही टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे.
लगातार गिरते विकेटों ने बिगाड़ा खेल
वेस्टइंडीज को दूसरा झटका 75 रन पर लगा, जिसके बाद टीम वापसी नहीं कर सकी. मध्यक्रम पूरी तरह दबाव में आ गया और टीम निर्धारित 20 ओवर में 153 रन ही बना सकी.
12 जून से शुरू होगा टूर्नामेंट
फिलहाल सभी टीमें वॉर्मअप मुकाबले खेल रही हैं, जबकि महिला टी20 वर्ल्ड कप का मुख्य टूर्नामेंट 12 जून से शुरू होगा.
पाकिस्तान से होगा भारत का पहला मुकाबला
भारतीय टीम अपना पहला लीग मैच 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेलेगी. इसके बाद टीम इंडिया का सामना 17 जून को नीदरलैंड्स, 21 जून को दक्षिण अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से होगा.
जीत से बढ़ा आत्मविश्वास
वेस्टइंडीज पर मिली इस जीत से भारतीय टीम का मनोबल जरूर बढ़ा होगा. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन टीम के लिए टूर्नामेंट से पहले सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- अभी हमला रोको... ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ट्रंप का आया तीखा बयान, दोनों देशों को दी चेतावनी