ट्रंप की हेकड़ी तोड़ने को तैयार भारत! विदेश सचिव मिस्री नेपाल रवाना, इन मायनों में खास है ये यात्रा

Vikram Misri Nepal Visit: एशिया की बदलती भू-राजनीति और क्षेत्रीय संतुलन के बीच भारत अपने पड़ोसियों के साथ रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय है. इसी क्रम में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री आज से नेपाल की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं.

India break Trump arrogance Foreign Secretary Misri leaves for Nepal special in these ways
Image Source: ANI/ File

Vikram Misri Nepal Visit: एशिया की बदलती भू-राजनीति और क्षेत्रीय संतुलन के बीच भारत अपने पड़ोसियों के साथ रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय है. इसी क्रम में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री आज से नेपाल की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं. यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत-नेपाल संबंधों को एक नई दिशा देने की कोशिशें तेज़ हो चुकी हैं.

इस यात्रा को नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के निमंत्रण पर आयोजित किया गया है. इसे केवल शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का भारत दौरा भी निकट है.

नेपाल क्यों पहुंचे विदेश सचिव?

भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य भारत-नेपाल के बहुपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करना है. दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा, और संपर्क जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय सहयोग हुआ है. भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति (Neighbourhood First Policy) के तहत नेपाल को हमेशा विशेष महत्व दिया गया है. विक्रम मिस्री की यह यात्रा उसी नीति की निरंतरता को दर्शाती है, साथ ही द्विपक्षीय संबंधों में नई पहल की संभावना भी लेकर आई है.

नेपाल के पीएम ओली की भारत यात्रा से पहले रणनीतिक तैयारी

विदेश सचिव की यह यात्रा नेपाल के प्रधानमंत्री ओली के आगामी भारत दौरे की पृष्ठभूमि में और भी अहम मानी जा रही है. ओली 16 सितंबर को भारत पहुंचेंगे और 17 सितंबर को पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे, जो संयोग से प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन भी है. ऐसा अनुमान है कि यह बैठक अयोध्या जैसे किसी सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक स्थल पर हो सकती है. ऐसे में मिस्री की यात्रा को एक ग्राउंडवर्क डिप्लोमेसी के रूप में देखा जा रहा है, जो दोनों देशों के बीच विश्वास बढ़ाने का मंच तैयार करेगी.

भारत-नेपाल के रिश्तों की गहराई

भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक भी है. रोटी-बेटी का संबंध कहे जाने वाले इस रिश्ते में सदियों से भावनात्मक जुड़ाव रहा है. भारत ने हमेशा नेपाल के संकट के समय मदद की है — चाहे वह भूकंप हो या महामारी. दोनों देशों के बीच खुली सीमा और लोगों के बीच आपसी संबंध इस रिश्ते को अनूठा बनाते हैं.

क्यों जरूरी हैं ऐसी कूटनीतिक मुलाकातें?

नेपाल भारत का प्राकृतिक और रणनीतिक साझेदार है. दोनों देशों के बीच हालिया वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, हाइड्रोपावर, डिजिटल कनेक्टिविटी और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है. विदेश सचिव की यह यात्रा इस सहयोग को और संस्थागत बनाने का एक प्रयास है. विदेश मंत्रालय का भी मानना है कि इस तरह की उच्चस्तरीय बैठकों से आपसी विश्वास बढ़ता है, और क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान होता है.

यह भी पढ़ें- High BP वाले हो जाएं सावधान, सिर्फ नमक ही नहीं, इन 6 चीजों से भी बढ़ता है खतरा