US Strikes Venezuela: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद भारत ने स्थिति पर अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है. भारत सरकार ने मौजूदा हालात को गंभीर बताते हुए वेनेजुएला से जुड़ी यात्राओं को लेकर अपने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण परामर्श जारी किया है.
विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार रात, 3 जनवरी 2026 को एक आधिकारिक बयान जारी कर भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी. यह कदम अमेरिका द्वारा कराकस में किए गए हवाई हमलों और राष्ट्रपति मादुरो की गिरफ्तारी से जुड़े घटनाक्रम के मद्देनजर उठाया गया है.
भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह
विदेश मंत्रालय ने न सिर्फ यात्रा करने वाले भारतीयों बल्कि वेनेजुएला में पहले से रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से भी अत्यधिक सावधानी बरतने को कहा है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि मौजूदा राजनीतिक और सुरक्षा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक अपनी आवाजाही सीमित रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क करें.
MEA के बयान में कहा गया कि वेनेजुएला में मौजूद भारतीय नागरिक कराकस स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहें. इसके लिए ईमेल आईडी cons.caracas@mea.gov.in
और आपातकालीन फोन नंबर 58-412-9584288 (जिस पर व्हाट्सएप कॉल भी की जा सकती है) जारी किया गया है.
अमेरिका के दावे से बढ़ा तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि कराकस में बड़े पैमाने पर की गई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया गया. ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी को एक अमेरिकी वॉरशिप पर रखा गया है और उन्हें न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन पर आपराधिक मुकदमा चलेगा.
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि मादुरो पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क को समर्थन देने और मादक पदार्थ-आतंकवाद की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं. इसी आधार पर अमेरिकी न्याय विभाग ने उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ नया अभियोग दायर किया है.
अमेरिकी हमले में सैनिक घायल
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि वेनेजुएला पर की गई सैन्य कार्रवाई के दौरान कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, हालांकि उनके अनुसार किसी भी अमेरिकी सैनिक की मौत नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अब अमेरिका वेनेजुएला को लेकर अपनी आगे की रणनीति पर काम कर रहा है.
वेनेजुएला में भारतीय समुदाय की स्थिति
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, वेनेजुएला में इस समय लगभग 50 अनिवासी भारतीय (NRI) और करीब 30 भारतीय मूल के लोग रह रहे हैं. अमेरिकी हमले और राष्ट्रपति की गिरफ्तारी के बाद देश में राजनीतिक अस्थिरता और अनिश्चितता का माहौल बन गया है, जिसे देखते हुए भारत सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं.