नई दिल्ली: दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत लगातार आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ रहा है. इसकी ताजा झलक विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) में देखने को मिल रही है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश का फॉरेक्स रिजर्व 15 अगस्त को समाप्त सप्ताह में एक बार फिर बढ़त के साथ सामने आया है. वहीं पाकिस्तान ने भी मामूली सुधार दर्ज किया है.
भारत का फॉरेक्स रिजर्व पहुंचा 695.10 अरब डॉलर पर
भारतीय रिजर्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, 15 अगस्त 2025 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.48 अरब डॉलर बढ़कर 695.10 अरब डॉलर पर पहुंच गया. यह भारत के लिए एक सकारात्मक संकेत है, क्योंकि यह दुनिया की आर्थिक अनिश्चितता के बीच देश की वित्तीय स्थिति को स्थिर बनाता है. गौरतलब है कि सितंबर 2024 के अंत में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 704.885 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा था, जो अब तक का रिकॉर्ड है.
फॉरेन करेंसी असेट्स में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
इस सप्ताह भारत की विदेशी मुद्रा संपत्ति (Foreign Currency Assets) में 1.92 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 585.90 अरब डॉलर तक पहुंच गई. ये संपत्तियां डॉलर के अलावा यूरो, येन और पाउंड जैसी अन्य मुद्राओं में निवेश के रूप में होती हैं, जिनकी वैल्यू ग्लोबल करेंसी मार्केट में बदलाव से प्रभावित होती है.
सोने का भंडार घटा, IMF में रिजर्व पोजीशन बढ़ी
हालांकि, सोने के भंडार में 2.16 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह अब 86.16 अरब डॉलर रह गया. वहीं, आईएमएफ (IMF) में भारत की रिजर्व पोजीशन 1.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.75 अरब डॉलर हो गई है.
पाकिस्तान का भी हल्का सुधार
इस हफ्ते पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में भी मामूली सुधार देखने को मिला. स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान की होल्डिंग 1.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 14.256 अरब डॉलर हो गई. कुल भंडार 19.571 अरब डॉलर रहा, जिसमें कमर्शियल बैंकों की हिस्सेदारी 5.315 अरब डॉलर है.
ये भी पढ़ें: ISRO ने पहली बार दिखाया भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का मॉडल, 2028 तक होगा लॉन्च, चीन-अमेरिका को देगा टक्कर