नई दिल्ली/हैदराबाद: भारत में दुनिया का पहला पूरी तरह से मोबाइल, AI-इनेबल्ड एंटी-ड्रोन पैट्रोल व्हीकल 'इंद्रजाल रेंजर' लॉन्च कर दिया गया है. इस वाहन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह 10 किलोमीटर दूर तक उड़ते हुए ड्रोन का पता लगा सकता है और चार किलोमीटर दूर से उसे निष्क्रिय कर सकता है. इसे हैदराबाद की एरियल डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी इंद्रजाल ड्रोन डिफेंस ने तैयार किया है.
कंपनी के अनुसार यह व्हीकल विशेष रूप से उन इलाकों में काम आएगा, जहां बिना अनुमति उड़ने वाले ड्रोन सुरक्षा खतरे पैदा कर सकते हैं, जैसे बॉर्डर एरिया, शहरों के क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और संवेदनशील सैन्य जोन.
हैदराबाद में CEO ने दिखाया फीचर्स का प्रदर्शन
इंद्रजाल रेंजर का प्रदर्शन हैदराबाद में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर इवेंट 'टी-हब' में किया गया. इस अवसर पर कंपनी के CEO किरण राजू ने बताया कि यह व्हीकल ड्रग्स, हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी रोकने में भी सहायक होगा. उन्होंने कहा कि AI आधारित कमांड सिस्टम वाहन को ऑटोमेटिक रूप से ड्रोन का पता लगाने, ट्रैक करने और उसे निष्क्रिय करने की क्षमता देता है.
AI और उन्नत गैजेट्स से लैस
इंद्रजाल रेंजर में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगे हैं. इनमें ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) स्पूफिंग, रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) जैमिंग और स्प्रिंग-एक्टिवेटेड किल स्विच शामिल हैं. वाहन में SkYOS नामक AI कमांड सिस्टम लगा है, जिसे ग्रीन रोबोटिक्स ने विकसित किया है. यह सिस्टम ड्रोन डिटेक्शन और न्यूट्रलाइजेशन ऑपरेशन को पूरी तरह ऑटोमेटिक तरीके से नियंत्रित करता है.
कंपनी ने कहा है कि यह व्हीकल ARDTC-सर्टिफाइड है और इसे मिलिट्री व सिविल दोनों ही स्तरों पर तैनात किया जा सकता है.
ऑल-टेरेन 4x4 व्हीकल, टोयोटा हाइलक्स बेस्ड
इंद्रजाल रेंजर एक 4x4 ऑल-टेरेन व्हीकल है. इसका एक्सटीरियर टोयोटा हाइलक्स पर आधारित है. फ्रंट में रग्ड बंपर और सेंसर लगे हैं, जो वाहन को हाई-थ्रेट जोन में स्थिर रहने में मदद करते हैं. साइड में मजबूत पैनल और बाहरी एंटिना सिस्टम है, जो मूविंग डिटेक्शन में सहायक हैं. रियर में इंटीग्रेटेड जैमर और लेजर यूनिट्स हैं.
टेक-लोडेड कैबिन और मल्टी-टच कंट्रोल
इंटीरियर में मिलिट्री स्टाइल की सीटिंग और फंक्शनल कंट्रोल कंसोल है. डैशबोर्ड पर 10-12 इंच की मल्टी-टच स्क्रीन लगी है, जो थ्रेट मॉनिटरिंग और कमांड्स के लिए अलग-अलग काम करती है. स्टीयरिंग व्हील पर क्विक-एक्सेस बटन्स हैं, जो RF जैमिंग और सॉफ्ट किल एक्टिवेशन को तुरंत चालू कर सकते हैं. सीटें वाटर-रेजिस्टेंट फैब्रिक से बनी हैं और ऑपरेटर्स की सुरक्षा व सुविधा दोनों का ध्यान रखा गया है.
मजबूत इंजन और ऑफ-रोड परफॉरमेंस
इंद्रजाल रेंजर में 2.8 लीटर डीजल इंजन लगा है, जो 201 hp की पावर और 500 Nm टॉर्क उत्पन्न करता है. वाहन की टॉप स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है और यह 0-100 किमी प्रति घंटा की स्पीड 10 सेकंड में प्राप्त कर सकता है. इसमें 4x4 ऑल-व्हील ड्राइव सेटअप है और सैंड, मड और रॉक जैसे ऑफ-रोड मोड्स शामिल हैं.
व्हीकल में एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक डिस्ट्रीब्यूशन (EBD), छह एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम मौजूद हैं. ARDTC-सर्टिफिकेशन के चलते यह वाहन मिलिट्री-ग्रेड सुरक्षा और हाई-रिस्क ऑपरेशन्स के लिए रेडी है.
ये भी पढ़ें- दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला शहर बना जकार्ता, टॉप 10 में भारत के भी दो शहर शामिल, देखें लिस्ट