Odisha Aircraft Crash: ओडिशा के राउरकेला में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब तकनीकी खराबी के चलते एक छोटे यात्री विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी. यह घटना राउरकेला हवाई पट्टी से करीब नौ किलोमीटर दूर हुई. उड़ान के दौरान विमान में खराबी का पता चलते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रूप से नीचे उतारने का प्रयास किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह 9 सीटों वाला विमान भुवनेश्वर से राउरकेला की ओर जा रहा था. टेक-ऑफ के लगभग 10 किलोमीटर बाद विमान में तकनीकी गड़बड़ी महसूस की गई, जिसके बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया. इस दौरान विमान पूरी तरह नियंत्रित तो रहा, लेकिन लैंडिंग के समय उसे नुकसान पहुंचा.
विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित
विमान में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चार यात्री और दो क्रू मेंबर शामिल थे. क्रू में कैप्टन नवीन कडंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव मौजूद थे. अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
हालांकि, इस घटना में पायलट को गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स को भी चोटें आई हैं, लेकिन सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और विमानन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था की गई और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया. अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- रेयर अर्थ में खत्म होगा चीन का दबदबा! वाशिंगटन में बन रहा प्लान, अमेरिका ने भारत को दिया खास ऑफर