भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ केवल सैन्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि कूटनीतिक मोर्चे पर भी दबाव बढ़ा दिया है. एक ओर सीमा पर भारत की सेनाएं दुश्मन को करारा जवाब दे रही हैं, तो दूसरी ओर वैश्विक मंचों पर भारत ने पाकिस्तान की आतंकवाद-समर्थक छवि को बेनकाब करने का अभियान छेड़ दिया है.
FATF में फिर से पाकिस्तान को ‘ग्रे लिस्ट’ में डालने की मांग
भारत ने आतंकी गतिविधियों को मिल रही अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहायता के दुरुपयोग को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है. भारत ने ‘फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स’ (FATF) से औपचारिक मांग की है कि पाकिस्तान को एक बार फिर ग्रे लिस्ट में डाला जाए. भारतीय अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों से मिलने वाली आर्थिक सहायता का इस्तेमाल आतंकी संगठनों को पोषित करने में कर रहा है, जिससे न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को खतरा है.
आतंकी हमलों का हवाला देकर भारत ने रखा मजबूत पक्ष
भारत ने FATF के समक्ष दो बड़े आतंकी हमलों का जिक्र किया — मॉस्को थिएटर बम धमाका और लंदन ब्रिज हमला. इन दोनों ही घटनाओं में पाकिस्तानी आतंकियों की संलिप्तता को उजागर करते हुए भारत ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान वैश्विक सुरक्षा के लिए एक स्थायी खतरा बना हुआ है.
एक बार बाहर हो चुका पाकिस्तान, फिर घिरने लगा
गौरतलब है कि पहले FATF ने सुधार के वादे के आधार पर पाकिस्तान को ग्रे लिस्ट से बाहर कर दिया था. लेकिन हालिया घटनाएं यह दिखा रही हैं कि पाकिस्तान ने अपनी नीतियों में कोई ठोस बदलाव नहीं किया है. भारत के राजस्व विभाग ने FATF को नई चिंताओं और आतंकी फंडिंग के ताजा साक्ष्यों के आधार पर मौखिक रूप से एक मजबूत केस सौंपा है.
IMF की बैठक में भारत देगा करारा जवाब
इसके साथ ही भारत ने संकेत दिए हैं कि वह पाकिस्तान को मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय राहत पैकेजों का भी विरोध करेगा. आने वाली IMF बैठक में भारत के कार्यकारी निदेशक इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे और आतंक का समर्थन करने वाले देश को किसी प्रकार की राहत दिए जाने का विरोध करेंगे.
सीमा पर ताबड़तोड़ कार्रवाई — ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी सख्ती
जहां एक ओर भारत कूटनीतिक धरातल पर पाकिस्तान को घेर रहा है, वहीं सेना ने भी जवाबी हमले तेज कर दिए हैं. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत ने पाकिस्तान के लाहौर, कराची, रावलपिंडी, सियालकोट और इस्लामाबाद जैसे प्रमुख शहरों में सटीक हमले किए हैं. यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा भारत के नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के बाद की गई है.
यह भी पढ़ें: क्या है पाकिस्तान का AWACS सिस्टम, जिसके भारत ने परखच्चे उड़ा दिए? जानिए आतंकिस्तान कैसे करता है इसका इस्तेमाल