आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को डकवर्थ-लुईस-स्टीर्न (DLS) पद्धति से 53 रन से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री मार ली. इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है.
इस टूर्नामेंट के लिए अब चार टीमें तय हो चुकी हैं- ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और भारत. वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा. इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 2 नवंबर 2025 को खेला जाएगा.
मंधाना और प्रतिका की दमदार जोड़ी
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा था, क्योंकि टीम अपने पिछले तीन मुकाबले हार चुकी थी. हालांकि, इस बार भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार वापसी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (109 रन) और युवा खिलाड़ी प्रतिका रावल (122 रन) ने पहले विकेट के लिए 212 रन की बेहतरीन साझेदारी की. दोनों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को किसी भी मौके का फायदा नहीं उठाने दिया. इस रिकॉर्ड साझेदारी ने भारत को एक मजबूत आधार दिया. इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 76 रन की नाबाद पारी खेलकर स्कोर को और आगे बढ़ाया.
भारत ने 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन बनाए. बारिश के कारण मैच को शुरू में 49-49 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन बाद में न्यूजीलैंड की पारी शुरू होते ही फिर से बारिश आ गई, जिससे मुकाबला और रोमांचक बन गया.
बारिश बनी रोमांच का कारण
बारिश से प्रभावित मुकाबले में न्यूजीलैंड को संशोधित लक्ष्य के रूप में 44 ओवर में 325 रन का लक्ष्य मिला. टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में वापसी कर ली.
न्यूजीलैंड की ओर से ब्रुक हालिडे (81 रन) और इसाबेल गेज (नाबाद 65 रन) ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन टीम अंततः 271 रन पर सिमट गई.
भारत की ओर से गेंदबाजी में रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ ने 2-2 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, प्रतिका रावल और श्री चरणी को एक-एक सफलता मिली.
इतिहास रचने से दो कदम दूर भारत
इस बड़ी जीत के साथ टीम इंडिया ने न केवल सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई बल्कि खिताब की दौड़ में मजबूती से कदम रखा है. अब भारत को विश्व कप का पहला खिताब जीतने के लिए सिर्फ दो जीतें चाहिएं, एक सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबले में.
महिला क्रिकेट में भारत अब तक कई बार फाइनल में पहुंचा है, लेकिन खिताब जीतने से चूक गया. इस बार हरमनप्रीत कौर की टीम इतिहास रचने की स्थिति में है.
आगे का शेड्यूल
भारत का अगला लीग मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ होगा, जो सेमीफाइनल से पहले टीम को अपने संयोजन को और मजबूत करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका देगा.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली का करियर खत्म! क्या लेने वाले हैं संन्यास? आउट होने के बाद किया इशारा, देखें VIDEO