ChatGPT को टक्कर देने के लिए तैयार भारत, जल्द लॉन्च होगा स्वदेशी AI मॉडल, सरकार ने बता दी तारीख

India AI Model: भारत अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में सिर्फ भागीदार नहीं, बल्कि एक मजबूत खिलाड़ी बनने की तैयारी में है. केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि देश का पहला पूर्णतः स्वदेशी AI मॉडल फरवरी 2026 तक लॉन्च किया जाएगा.

India to launch its own AI model by Feb 2026 confirms MeitY
Image Source: Freepik

India AI Model: भारत अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में सिर्फ भागीदार नहीं, बल्कि एक मजबूत खिलाड़ी बनने की तैयारी में है. केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि देश का पहला पूर्णतः स्वदेशी AI मॉडल फरवरी 2026 तक लॉन्च किया जाएगा. यह मॉडल न केवल भारतीय डेटा पर आधारित होगा, बल्कि इसे पूरी तरह भारत में ही होस्ट किया जाएगा, जिससे डेटा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता दोनों सुनिश्चित होंगी.

India AI Impact Summit में होगा ऐतिहासिक लॉन्च

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) के सचिव एस. कृष्णन ने जानकारी दी कि India AI Impact Summit, जो फरवरी 2026 में आयोजित होगा, उसी दौरान भारत अपने पहले फाउंडेशनल AI मॉडल को औपचारिक रूप से लॉन्च करेगा. उनका कहना है कि इस साल के अंत तक मॉडल तैयार हो जाएगा और Summit तक इसे सार्वजनिक किया जाएगा.

भारत में ही तैयार होगा और भारत के लिए होगा

MeitY के अतिरिक्त सचिव अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि यह Sovereign AI मॉडल पूरी तरह भारतीय डेटा सेट्स पर प्रशिक्षित किया जाएगा और भारत में ही होस्ट होगा. इस कदम का उद्देश्य है, विदेशी तकनीकों पर निर्भरता को कम करना और घरेलू AI इकोसिस्टम को आत्मनिर्भर बनाना.

कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर को मिली जबरदस्त मजबूती

सरकार ने AI मॉडल्स के विकास के लिए भारत की कंप्यूटिंग क्षमता को नया आयाम दिया है. पहले जहां लक्ष्य था 10,000 GPUs (ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स) तैनात करने का, वहीं अब तक 38,000 GPUs सफलतापूर्वक इंस्टॉल किए जा चुके हैं. यह क्षमता भारतीय स्टार्टअप्स, रिसर्च संस्थानों और कंपनियों को अत्याधुनिक एआई मॉडल्स बनाने में सहायक बनेगी.

हर तिमाही बढ़ेगी GPU क्षमता

MeitY सचिव ने बताया कि सरकार अब हर तिमाही में ओपन बिडिंग प्रोसेस के ज़रिए GPU क्षमता को और भी बढ़ाएगी. इसका फायदा निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स को भी मिलेगा, जो इस सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करके अपने AI समाधान विकसित कर सकेंगी.

स्वदेशी GPU बनाने की दिशा में भी कदम

India Semiconductor Mission 2.0 के तहत भारत अब अपने खुद के GPU (ग्राफिक्स प्रोसेसर यूनिट) विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है. इससे देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता और मजबूत होगी और भविष्य में विदेशी हार्डवेयर पर निर्भरता कम होगी.

12 भारतीय कंपनियां बना रही हैं अपना फाउंडेशनल मॉडल

सरकार इस मिशन में अकेली नहीं है, वह 12 घरेलू कंपनियों के साथ मिलकर Sovereign AI के लक्ष्य पर काम कर रही है. इनमें से कम से कम दो कंपनियां 2025 के अंत तक अपने फाउंडेशनल AI मॉडल तैयार कर लेंगी. 

ये भी पढ़ें: BSNL 5G का इंतजार खत्म! कंपनी ने कई शहरों में शुरू किया ट्रायल, जल्द मिलने लगेगी कनेक्टिविटी