भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर विस्तार से बातचीत की. इस बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का जायजा लिया और आपसी सहयोग को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार किया. व्यापार, उन्नत प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया. दोनों नेता साझा चुनौतियों को समाधान करने और दोनों देशों के हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए.
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लगातार चर्चा कर रहे हैं. ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि अमेरिका और भारत के बीच लंबित ट्रेड डील पर जल्द ही सहमति बन सकती है. इस बीच, दोनों देशों ने व्यापारिक साझेदारी को लंबी अवधि के लिए स्थायी और लाभकारी बनाने के लिए कई पहलुओं पर बातचीत की.