Oscar Nominated Movies: ऑस्कर 2026 को लेकर दुनियाभर के सिनेमा प्रेमियों की नजरें जिस पल का इंतजार कर रही थीं, वह आखिरकार 22 जनवरी की शाम आ गया. द एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट एंड साइंसेज की ओर से आधिकारिक तौर पर ऑस्कर 2026 की नॉमिनेशन लिस्ट जारी कर दी गई. भारत की ओर से इस साल काफी उम्मीदें फिल्म ‘होमबाउंड’ से जुड़ी हुई थीं, लेकिन अफसोस कि यह फिल्म अंतिम नॉमिनेशन लिस्ट में जगह नहीं बना सकी और ऑस्कर की रेस से बाहर हो गई.
‘होमबाउंड’ के ऑस्कर सफर की शुरुआत मजबूत रही थी. इससे पहले यह फिल्म इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में टॉप-15 फिल्मों की शॉर्टलिस्ट में शामिल हुई थी. इस उपलब्धि के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों और इंडस्ट्री में उम्मीदें और भी बढ़ गई थीं. माना जा रहा था कि यह फिल्म भारत के लिए एक बार फिर ऑस्कर में मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है. हालांकि, अंतिम दौर में यह फिल्म टॉप-5 नॉमिनेटेड फिल्मों में अपनी जगह नहीं बना पाई.
धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म रही चर्चा में
‘होमबाउंड’ को करण जौहर की प्रोडक्शन कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है. फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और इसके अभिनय, कहानी और प्रस्तुति की काफी सराहना की गई थी.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिल्म की मौजूदगी को भारतीय सिनेमा के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा था, लेकिन नॉमिनेशन तक न पहुंच पाना फैंस के लिए थोड़ा निराशाजनक साबित हुआ.
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में कौन-कौन सी फिल्में नॉमिनेट हुईं?
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में चुनी गई 15 फिल्मों में से आखिरकार 5 फिल्मों को ऑस्कर 2026 के लिए नॉमिनेशन मिला है. ये फिल्में अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और वैश्विक स्तर पर अपनी खास पहचान बना चुकी हैं.
ऑस्कर 2026- इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की नॉमिनेटेड फिल्में:
द सीक्रेट एजेंट- ब्राजील
इट वॉज जस्ट एन एक्सीडेंट- फ्रांस
सेंटिमेंटल वैल्यूज- नॉर्वे
सिरात- स्पेन
द वॉइस ऑफ हिंद रजब- ट्यूनिशिया
इन फिल्मों ने अब ऑस्कर जीतने की अंतिम दौड़ में अपनी जगह पक्की कर ली है.
भारत के लिए मिला मिला-जुला अनुभव
हालांकि ‘होमबाउंड’ का नॉमिनेशन तक न पहुंच पाना निराशाजनक है, लेकिन टॉप-15 की सूची में शामिल होना भी अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इससे यह साफ होता है कि भारतीय सिनेमा की कहानियां और कलाकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं.
अब सभी की नजरें ऑस्कर 2026 के अवॉर्ड नाइट पर टिकी होंगी, जहां यह देखा जाएगा कि इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में इस साल किस देश की फिल्म बाजी मारती है. वहीं भारतीय दर्शक उम्मीद लगाए बैठे हैं कि आने वाले वर्षों में भारत की कोई फिल्म फिर से ऑस्कर जीतने की दौड़ में मजबूती से शामिल हो सके.
ये भी पढ़ें- बजट सत्र से पहले केंद्र सरकार ने बुलाई सभी दलों की बैठक, 27 जनवरी को होगी मीटिंग