एक यात्री द्वारा मानसिक रूप से असहज दिख रहे सहयात्री को विमान के अंदर थप्पड़ मारना न केवल हैरान करने वाला है, बल्कि यह भारत के एविएशन सेक्टर में मानवता और संयम के पतन की गवाही भी देता है. यह घटना इंडिगो की एक फ्लाइट में घटी, जो मुंबई से कोलकाता के लिए उड़ान पर थी. फ्लाइट के भीतर ही हुए इस असंवेदनशील व्यवहार ने पूरे देश में बहस छेड़ दी है – क्या हम एक समाज के रूप में सहनशीलता खोते जा रहे हैं?
वीडियो फुटेज के मुताबिक, एक यात्री, जो मानसिक रूप से असहज और घबराया हुआ नजर आ रहा था, शांतिपूर्वक अपनी सीट पर बैठा था. एक एयर होस्टेस उसकी स्थिति को समझने और मदद करने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान, अचानक पास खड़ा एक अन्य यात्री उस व्यक्ति पर हाथ उठा देता है.
मानसिक रूप से बेचैन यात्री पर हाथ उठाया
बिना किसी चेतावनी या उकसावे के. पूरे दृश्य को एक सहयात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, और जब इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, तो यह तेजी से वायरल हो गया. यात्रियों ने चौंक कर आरोपी से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, जिसके जवाब में वह व्यक्ति केवल इतना कहता है. "मुझे परेशानी हो रही थी." यानी, उसे उस घबराए यात्री की स्थिति असहज कर रही थी, और उसने बिना किसी संवेदना के शारीरिक हमला कर दिया.
इंडिगो की सख्त प्रतिक्रिया, SOP के तहत कार्रवाई
इंडिगो एयरलाइंस ने घटना को गंभीरता से लिया और एक सख्त बयान जारी कर कहा — "हम ऐसे असामाजिक व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं. हमारे यात्री और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है." एयरलाइंस के अनुसार, फ्लाइट जैसे ही कोलकाता पहुंची, आरोपी यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के सुपुर्द कर दिया गया. कंपनी ने यह भी बताया कि उनके चालक दल ने इस पूरे घटनाक्रम को Standard Operating Procedure (SOP) के अनुसार संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया.
सोशल मीडिया पर गूंजा गुस्सा, आरोपी पर कार्रवाई की मांग
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, देशभर से प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं. अधिकतर लोगों ने इस घटना को ‘क्रूरता की हद’ बताया और आरोपी की गिरफ्तारी तथा उस पर फ्लाइंग बैन लगाने की मांग की. कई यूज़र्स ने यह भी सवाल खड़े किए. मानसिक परेशानी में फंसे किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना क्या अपराध नहीं है? क्या यात्रियों को ऐसी आपात मानसिक स्थितियों को समझने और संभालने का कोई प्रशिक्षण दिया जाता है?
कुछ यूजर्स ने लिखा कि ऐसे व्यक्ति को तुरंत जेल भेज देना चाहिए. बेवजह हाथ उठाने वाला जाहिल है, इसे दोबारा उड़ने का अधिकार नहीं मिलना चाहिए. मानवता पूरी तरह मर चुकी है क्या? वहीं, कई लोगों ने फ्लाइट अटेंडेंट की भी सराहना की, जिसने घबराए हुए यात्री के लिए संवेदनशीलता दिखाई और पूरी स्थिति में संयम बनाए रखा.
यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि चेतावनी है
यह घटना केवल एक थप्पड़ भर नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि आज के दौर में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सहानुभूति की कितनी सख्त ज़रूरत है. किसी की घबराहट या असहजता हममें से किसी को भी हिंसक होने का लाइसेंस नहीं देती. एयरलाइंस कंपनियों के साथ-साथ, हम सभी को यह समझना होगा कि एक उड़ान केवल तकनीक का सफर नहीं होती, यह मानव व्यवहार की परीक्षा भी होती है. अब यह देखने की बात होगी कि आरोपी पर क्या कानूनी कार्रवाई होती है और क्या भारत का एविएशन सिस्टम ऐसे यात्रियों के लिए कोई सख्त नियम तय करता है या नहीं.
यह भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले राज्यसभा में NDA की ताकत बढ़ी, ऐसा करने वाली दूसरी पार्टी बनी BJP, जानें आंकड़े