क्रिकेट और मनोरंजन का खास मेल एक बार फिर दर्शकों को देखने को मिलने वाला है. नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाले ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ सीजन 4 के आगामी एपिसोड में भारतीय महिला क्रिकेट टीम शिरकत करती नजर आएगी. यह एपिसोड 27 दिसंबर को शाम 8 बजे रिलीज होगा, जिसमें हाल ही में ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया का जश्न मनाया जाएगा.
भारतीय महिला टीम ने नवंबर 2025 में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में मिली इस ऐतिहासिक जीत का सेलिब्रेशन अब कपिल शर्मा के कॉमेडी मंच पर होने जा रहा है.
कपिल के मंच पर वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया
इस खास एपिसोड में कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ कई स्टार खिलाड़ी नजर आएंगी. शो में ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स, शफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, हरलीन देओल, राधा यादव, प्रतीका रावल और भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार शामिल होंगे. कपिल शर्मा अपने चिर-परिचित अंदाज में खिलाड़ियों का स्वागत करते नजर आएंगे और मैदान के बाहर की मस्ती से दर्शकों को रूबरू कराएंगे.
विवादों के बीच शो से दूर रहीं स्मृति मंधाना
हालांकि इस एपिसोड में स्मृति मंधाना की मौजूदगी नहीं होगी. पलाश मुच्छल से जुड़े हालिया विवाद के बीच स्मृति ने शो में शामिल न होने का फैसला किया है. बावजूद इसके, शो की बातचीत में उनका जिक्र जरूर होता है. प्रोमो में कपिल शर्मा उस पल को याद करते हैं जब हरमनप्रीत कौर ने ट्रॉफी उठाने के बाद भांगड़ा किया था.
इस पर जेमिमा रोड्रिग्स मजाकिया अंदाज में खुलासा करती हैं कि उस डांस के पीछे स्मृति का ही दबाव था. जेमिमा कहती हैं, “हैरी दीदी हमारी बातें नहीं मानतीं, लेकिन स्मृति ने कहा था कि अगर भांगड़ा नहीं किया तो जिंदगी भर बात नहीं करूंगी.”
यह बात सुनकर सेट पर ठहाकों की गूंज सुनाई देती है.
शफाली के जवाब से चौंक गए कपिल
शो के दौरान कपिल शर्मा ने युवा खिलाड़ी प्रतीका रावल की हालिया चोट को लेकर सवाल किया और यह सवाल उन्होंने शफाली वर्मा की ओर घुमा दिया. शफाली ने बेहद गंभीर चेहरे के साथ जवाब दिया, जिस पर कपिल तुरंत मजाकिया अंदाज में बोल पड़े,
“अरे गुस्सा क्यों कर रही हो, मैंने तो ऐसे ही पूछा था.”
इस हल्के-फुल्के पल ने पूरे माहौल को और मजेदार बना दिया.
कपिल बने मैचमेकर, रेणुका सिंह से पूछे सवाल
कपिल शर्मा अपने मशहूर ‘मैचमेकर’ अवतार में भी नजर आते हैं. उन्होंने तेज गेंदबाज रेणुका सिंह से उनके ‘आइडियल बॉय’ को लेकर सवाल पूछे, जिससे मंच पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक हंसते नजर आए. कपिल के सवालों और खिलाड़ियों के जवाबों ने शो के माहौल को पूरी तरह हल्का और मनोरंजक बनाए रखा.
कॉमेडी का फुल डोज, लेकिन विवाद भी साथ
एपिसोड में कॉमेडी का तड़का लगाने के लिए सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक सलमान खान और शाहरुख खान की पैरोडी करते दिखेंगे, जबकि किकू शारदा फिल्मी मां के किरदार में नजर आएंगे.
हालांकि शो की लोकप्रियता के बीच एक कानूनी विवाद भी सामने आया है. फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड (PPL) इंडिया ने बॉम्बे हाई कोर्ट में कपिल शर्मा, उनके प्रोडक्शन हाउस और नेटफ्लिक्स के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का केस दर्ज कराया है. आरोप है कि सीजन 3 के कुछ एपिसोड में बिना लाइसेंस के गानों का इस्तेमाल किया गया.
ये भी पढ़ें- Ooty Snowfall: ऊटी में जम गई बर्फ की मोटी परत, उमड़ी पर्यटकों की भीड़, -1°C पहुंचा पारा, देखें Video