कोलकाता से श्रीनगर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बुधवार की शाम उस समय वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, जब उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आई. विमान में फ्यूल लीक होने की जानकारी मिलते ही क्रू मेंबर्स ने तत्काल सतर्कता दिखाई और नजदीकी एयरपोर्ट से संपर्क किया.
विमान के फ्यूल सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत मिलते ही पायलट और क्रू ने समय रहते स्थिति को संभाला. उन्होंने वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल से आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी. अनुमति मिलते ही विमान को सुरक्षित रूप से वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया. घटना के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो की तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर फ्यूल लीक को लेकर संदेह जताया गया है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो पाएगा.
166 यात्री और क्रू मेंबर्स थे सवार
इस इंडिगो विमान में कुल 166 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और क्रू मेंबर्स शामिल थे. इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एयरपोर्ट के एराइवल एरिया में ले जाकर बैठाया गया. किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यात्रियों की सुरक्षा ही उनकी पहली प्राथमिकता है. विमान को जैसे ही तकनीकी समस्या का संकेत मिला, तुरंत सुरक्षित लैंडिंग के लिए कदम उठाए गए.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-6961 में गड़बड़ी हुई है. एयरलाइंस की ओर से बताया गया कि यात्रियों को किसी दूसरी विमान से श्रीनगर भेजने की व्यवस्था की जा रही है. हवा में उड़ने के दौरान विमान में फ्यूल में लीकेज होने लगा था. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) वाराणसी से संपर्क कर पायलट ने शाम 4:10 बजे विमान को सुरक्षित रनवे पर उतारा.
ये भी पढ़ें: लेफ्टिनेंट कर्नल बने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, राजनाथ सिंह और उपेंद्र द्विवेदी ने किया सम्मान