IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 सीजन की तैयारियां अब तेज़ हो चुकी हैं. सभी टीमों ने अपने-अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है, जिसके बाद अब फैंस की सबसे बड़ी उत्सुकता थी ऑक्शन कब और कहां होगा?
इस सवाल का जवाब आखिरकार मिल गया है. बीसीसीआई और आईपीएल ने आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर घोषणा की है कि IPL 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित किया जाएगा. इस घोषणा के साथ ही फ्रेंचाइज़ियों से लेकर फैंस तक, सभी की निगाहें अब इस बड़े कार्यक्रम पर टिक गई हैं.
77 स्लॉट खाली, भारी पर्स का इंतज़ार
IPL 2026 रिटेंशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी टीमों ने कुल 173 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिनमें 49 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. ऑक्शन में 77 खिलाड़ियों के लिए स्लॉट खाली रह गए हैं. इन स्थानों के लिए टीमों के पास कुल 237.55 करोड़ रुपये का संयुक्त पर्स उपलब्ध होगा. हर फ्रेंचाइज़ी के पास अपनी टीम को अधिकतम 25 खिलाड़ियों तक सीमित रखने का नियम लागू रहेगा.
सबसे बड़ा पर्स KKR के पास
रिटेंशन के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की स्थिति सबसे मजबूत दिख रही है. टीम के पास 64.3 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा पर्स है, जिसके जरिए वे छह विदेशी स्थानों समेत अधिकतम 13 स्लॉट भरने का मौका रखती है.वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के पास 43.4 करोड़ रुपये बचे हैं, जिनसे वे नौ स्लॉट पूरे कर सकते हैं.सबसे बड़ा पर्स होने के चलते माना जा रहा है कि केकेआर इस बार नीलामी में आक्रामक अंदाज में बोली लगा सकती है.
KKR ने किए चौंकाने वाले बदलाव
रिटेंशन के दौरान KKR ने कुछ बड़े फैसलों से सभी को हैरान कर दिया.फ्रेंचाइज़ी ने वेंकटेश अय्यर (23.75 करोड़) और आंद्रे रसेल (12 करोड़) जैसे महंगे और अनुभवी खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया.इसके अलावा क्विंटन डी कॉक और मोईन अली को भी स्क्वाड से बाहर कर दिया गया है.
टीम ने जिन खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, उनमें शामिल हैं. अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और अंगकृष रघुवंशी. पिछले सीजन में अजिंक्य रहाणे कप्तान थे, लेकिन टीम की परफॉर्मेंस उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. ऐसे में माना जा रहा है कि KKR 2026 के लिए नए नेतृत्व और नई रणनीति के साथ मैदान पर उतर सकती है.
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल को बीच खेल में ऐसा क्या हुआ कि ICU में होना पड़ा भर्ती, कोलकाता टेस्ट खेलना मुश्किल