IPL 2026: आज चेन्नई और कोलकाता के बीच भिड़ंत, क्या धोनी की होगी वापसी? जानें पिच रिपोर्ट

CSK vs KKR: आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे. सीएसके ने अपने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की थी.

IPL 2026 CSk vs kkr Clash between Chennai and Kolkata today will Dhoni return the pitch report
Image Source: ANI/ File

CSK vs KKR: आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे. सीएसके ने अपने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की थी. इस मैच में टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा. खासकर ओपनिंग जोड़ी पहली बार इस सीजन में फॉर्म में नजर आई.

ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े. संजू सैमसन शानदार फॉर्म में दिखे और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का चौथा शतक जड़ दिया. उन्होंने 56 गेंदों में 115 रन की दमदार पारी खेली, जिससे टीम को बड़ा स्कोर बनाने में मदद मिली.

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

बैटिंग के अलावा गेंदबाजी में भी सीएसके का प्रदर्शन शानदार रहा. जेमी ओवरटन ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट लिए. वहीं अंशुल कंबोज ने 3 विकेट चटकाए. आयुष म्हात्रे ने भी 36 गेंदों में 59 रन बनाकर अहम योगदान दिया.

केकेआर की हालत कमजोर

दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन इस सीजन में अच्छा नहीं रहा है. टीम अंक तालिका में सबसे नीचे है. कप्तान अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में टीम अभी तक पहली जीत की तलाश में है. 4 मैचों में से 3 में हार मिली है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा.

कुछ खिलाड़ी दिखे फॉर्म में

हालांकि केकेआर के कुछ बल्लेबाज अच्छी लय में नजर आए हैं. पिछले मैच में रहाणे ने 24 गेंदों में 41 रन बनाए थे. वहीं अंगकृष रघुवंशी ने 45 रन की पारी खेली. कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है.

गेंदबाजी बनी सबसे बड़ी चिंता

केकेआर के लिए इस सीजन गेंदबाजी सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है. वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और नवदीप सैनी अभी तक खास असर नहीं छोड़ पाए हैं.
हालांकि सुनील नरेन ने पिछले मैच में किफायती गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 1 विकेट लिया. वहीं वरुण चक्रवर्ती इस मैच में खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी संशय बना हुआ है.

क्या खेलेंगे धोनी?

फैंस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि महेंद्र सिंह धोनी इस मैच में खेलेंगे या नहीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी को पूरी तरह फिट होने में अभी थोड़ा समय लग सकता है.
उन्हें पिछले मैच से पहले और फिर केकेआर के खिलाफ मुकाबले से पहले ट्रेनिंग करते देखा गया, लेकिन उनकी भागीदारी सीमित रही. चेपॉक में उन्होंने हल्की प्रैक्टिस की और नेट्स में सिर्फ थ्रोडाउन लिए.

खास बात यह रही कि उन्होंने विकेटकीपिंग ग्लव्स नहीं पहने और ज्यादा मेहनत वाली ड्रिल भी नहीं की. इससे साफ है कि उनकी पिंडली अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है और मैच खेलने पर फैसला आखिरी समय में लिया जा सकता है.

ये भी पढ़ें- कौन हैं सम्राट चौधरी, जो बनेंगे बिहार में BJP के पहले मुख्यमंत्री? जानें कैसे शुरू हुआ राजनीतिक सफर