IPL 2026, DC vs PBKS: आईपीएल 2026 का 35वां मैच क्रिकेट इतिहास का एक ऐतिहासिक पल बनकर सामने आया, जब पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रनों का विशाल लक्ष्य महज 18.5 ओवर में 6 विकेट से हासिल कर लिया. अरुण जेटली स्टेडियम में हुआ यह मुकाबला आईपीएल के सबसे बड़े सफल रन चेज के रूप में याद किया जाएगा. इस धमाकेदार जीत ने पंजाब किंग्स के क्रिकेट इतिहास में एक नई मिसाल कायम की, जो अब तक के सबसे बड़े रन चेज़ के रूप में दर्ज किया गया है. इस पहले से रिकॉर्ड बना चुके 262 रन के लक्ष्य को भी पंजाब ने ही चेज़ किया था, लेकिन इस बार उन्होंने एक नया कीर्तिमान रचा.
केएल राहुल की तूफानी पारी गई बेकार
दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस पारी की सबसे बड़ी खासियत रही केएल राहुल की शानदार शतक, जिन्होंने 67 गेंदों पर नाबाद 152 रन की पारी खेली. राहुल की इस आतिशी पारी में 16 चौके और 9 छक्के शामिल थे. उनके साथ नीतीश राणा ने भी 44 गेंदों पर 91 रन बनाए, और दोनों ने मिलकर दूसरी विकेट के लिए 220 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की. हालांकि, इन दोनों की मेहनत पर पानी फेरते हुए पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी ने रिकॉर्ड टारगेट को चेज़ कर दिया, और दिल्ली की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया.
पंजाब किंग्स का विस्फोटक रन चेज़
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी ने दिल्ली के विशाल स्कोर के सामने कोई झिझक नहीं दिखाई. पावरप्ले में ही टीम ने 116 रन बनाकर मैच में अपनी पकड़ी मजबूत कर ली. प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 126 रन जोड़कर मैच को पूरी तरह से पंजाब के पक्ष में कर दिया. आर्या ने 17 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने महज 26 गेंदों पर 76 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे. दोनों के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर नाबाद 71 रन की पारी खेली, जिसमें 7 छक्के शामिल थे. इसके साथ ही नेहल वधेरा और शशांक सिंह ने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारियां खेलकर पंजाब को एक ऐतिहासिक जीत दिलाई.
पंजाब किंग्स की IPL 2026 में मजबूत स्थिति
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में अपने दबदबे को बरकरार रखा. अब तक खेले गए 7 मैचों में पंजाब ने एक भी मैच नहीं हारा है. 6 मैचों में उन्होंने शानदार जीत हासिल की है, जबकि 1 मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ. इस शानदार प्रदर्शन के चलते पंजाब किंग्स 13 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को इस मैच में चौथी हार का सामना करना पड़ा, और उनकी मुश्किलें बढ़ गईं. पंजाब की इस अद्वितीय जीत ने दर्शकों को क्रिकेट का सबसे शानदार और रोमांचक मुकाबला देखने का अनुभव दिया.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: मैच के दौरान बड़ा हादसा, दिल्ली के इस गेंदबाज को एंबुलेंस ले जाया गया अस्पताल; जानें पूरी घटना