मेरा शरीर थोड़ा कमजोर... रैना को धोनी ने बताई ऐसी बात, जिसे सुनकर भावुक के हो जाएंगे थाला के फैंस

MS Dhoni IPL: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी भावुक रहा. टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई और इसके साथ ही एमएस धोनी पूरे सीजन चोट के कारण खेल नहीं पाए.

IPL 2026 Dhoni told Raina something that will make Thala fans emotional
Image Source: ANI

MS Dhoni IPL: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी भावुक रहा. टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई और इसके साथ ही एमएस धोनी पूरे सीजन चोट के कारण खेल नहीं पाए.

लेकिन चेपॉक स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान धोनी मैदान पर जरूर नजर आए. उन्होंने टीम फोटो के लिए खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और मैदान का एक चक्कर लगाकर फैंस का अभिवादन किया. यह पल स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस के लिए बहुत भावुक कर देने वाला था.

धोनी और रैना की मुलाकात

इस दौरान धोनी की मुलाकात उनके पुराने साथी और दोस्त सुरेश रैना से हुई, जो इस मैच में कमेंट्री कर रहे थे. दोनों ने मिलकर CSK को चार आईपीएल खिताब जिताए थे और उनकी जोड़ी फ्रेंचाइजी की पहचान मानी जाती है.

रैना ने बातचीत में बताया कि उन्होंने धोनी से अगले सीजन खेलने की बात की. उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा, आपने आईपीएल 2026 को मिस्ड कॉल दिया है, यह गिना नहीं जाएगा. आपको अगले साल वापस आना होगा. उन्होंने कहा कि उनका शरीर थोड़ा कमजोर हो गया है.”

रैना ने आगे कहा, “मैंने कहा कि हम यह मानने वाले नहीं हैं, आपको अगले साल खेलना ही होगा. लेकिन यह उनका निजी फैसला है. मैं समझता हूं कि वह सकारात्मक हैं और टीम भी फिर से अच्छी तरह तैयार हो रही है.” धोनी का यह जवाब फैंस के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था. सोशल मीडिया पर कई फैंस ने लिखा कि माही के बिना आईपीएल की कल्पना करना मुश्किल है.

पूरा सीजन नहीं खेले धोनी

44 साल के धोनी को CSK ने इस सीजन ‘अनकैप्ड प्लेयर’ नियम के तहत टीम में रखा था. उम्मीद थी कि वह युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे और जरूरत पड़ने पर मैदान पर उतरेंगे. लेकिन चोट के कारण उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला. ना बल्लेबाजी की, ना विकेटकीपिंग की. इसके बावजूद टीम के साथ उनका जुड़ाव बना रहा और ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी.

धोनी का प्रभाव अब भी बड़ा

CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, “यह फैसला टीम मैनेजमेंट को करना है. इस साल धोनी टीम के साथ रहे, जो युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा. उन्होंने मैदान पर नहीं खेला, लेकिन टीम पर उनका प्रभाव अब भी बहुत बड़ा है.”

फ्लेमिंग ने आगे कहा, “इस सीजन हमने कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो भविष्य में CSK की नई पहचान बन सकते हैं. लेकिन आखिर में हमें नतीजों से आंका जाता है. धोनी का भविष्य क्या होगा, यह मैनेजमेंट का फैसला होगा.”

क्या धोनी आईपीएल 2027 में खेलेंगे?

धोनी अगले सीजन खेलेंगे या नहीं, फिलहाल यह साफ नहीं है. लेकिन चेपॉक में उनका मैदान पर उतरना और फैंस का प्यार देखकर यह साफ है कि CSK समर्थक अभी भी अपने ‘थाला’ को पीली जर्सी में देखना चाहते हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या धोनी आईपीएल 2027 में एक आखिरी बार मैदान पर उतरेंगे या यह उनके लिए अंतिम भावुक सफर था.

ये भी पढ़ें-