RCB vs GT: आज बेंगलुरु और गुजरात के बीच क्वालीफायर-1, पिच रिपोर्ट से लेकर प्लेइंग 11 तक... जानें सबकुछ

RCB vs GT, IPL 2026: मंगलवार को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18-18 अंक हासिल किए और अब नजरें सीधे फाइनल के टिकट पर टिकी हैं.

IPL 2026 RCB VS GT Qualifier 1 pitch report and playing 11
Image Source: ANI

RCB vs GT, IPL 2026: आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. लीग स्टेज की लंबी और उतार-चढ़ाव भरी लड़ाई के बाद अब बारी प्लेऑफ की है, जहां एक छोटी सी गलती पूरे सीजन की मेहनत पर पानी फेर सकती है. मंगलवार को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18-18 अंक हासिल किए और अब नजरें सीधे फाइनल के टिकट पर टिकी हैं.

इस मुकाबले की अहमियत सिर्फ जीत या हार तक सीमित नहीं है. जो टीम आज बाजी मारेगी, वह सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में प्रवेश कर जाएगी. वहीं हारने वाली टीम के पास अभी भी एक और मौका रहेगा, क्योंकि उसे क्वालीफायर-2 खेलने का अवसर मिलेगा. 

बराबरी की टक्कर में कौन मारेगा बाजी?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक की भिड़ंत बेहद दिलचस्प रही है. दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ चार-चार मुकाबले जीते हैं. यही आंकड़े बताते हैं कि दोनों के बीच मुकाबला कितना संतुलित रहा है. आरसीबी जहां अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर मैच पलटने की ताकत रखती है, वहीं गुजरात की टीम संतुलित गेंदबाजी और शांत रणनीति के लिए जानी जाती है. इस सीजन में भी दोनों टीमों ने कई बड़े मैच जीते हैं और दबाव में शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में प्लेऑफ जैसे बड़े मंच पर दोनों टीमें अपनी पूरी ताकत झोंकती नजर आएंगी.

धर्मशाला की पिच बल्लेबाजों की दोस्त

धर्मशाला का मैदान हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता रहा है. यहां की पिच पर गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, जिसकी वजह से बड़े स्कोर बनते हैं. खासतौर पर शाम के मुकाबलों में ओस अहम भूमिका निभाती है, जिससे लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है.

इस सीजन भी यहां ज्यादातर मैच चेज करने वाली टीमों ने जीते हैं. केवल एक बार ऐसा हुआ जब पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मुकाबला अपने नाम किया. वह मैच आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया था, जिसमें बेंगलुरु ने 222 रन का विशाल स्कोर डिफेंड किया था. हालांकि वह दिन का मैच था. रात के मुकाबलों में यहां 200 से ज्यादा का लक्ष्य भी सुरक्षित नहीं माना जाता. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है, ताकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी का फायदा उठाया जा सके.

आरसीबी का पलड़ा थोड़ा भारी

अगर मौजूदा फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन को देखा जाए तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु थोड़ी मजबूत नजर आ रही है. टीम का बल्लेबाजी क्रम लगातार रन बना रहा है और गेंदबाज भी अहम मौकों पर विकेट निकाल रहे हैं. दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की टीम भी किसी से कम नहीं है और उसने पूरे टूर्नामेंट में शानदार संतुलन दिखाया है.

मैच प्रिडिक्शन की बात करें तो मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है, लेकिन आरसीबी को हल्की बढ़त दी जा रही है. अनुमान के मुताबिक यह मुकाबला 55-45 का हो सकता है. हालांकि धर्मशाला की परिस्थितियों को देखते हुए वही टीम मजबूत स्थिति में होगी जो लक्ष्य का पीछा करेगी.

आरसीबी की संभावित प्लइंग इलेवन- वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम डार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा/जैकब डफी.

गुजरात टाइटंस की संभावित प्लेइंग इलेवन- साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, निशांत सिंधु, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से 200 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कर चर्चा में आए अर्शदीप सिंह, बदली प्रोफाइल फोटो; जानें कारण