Rohit sharma Orange Cap: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अरुण जेटली स्टेडियम पर रोहित ने 26 गेंदों में 35 रनों की अहम पारी खेली.
इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया. यह पारी भले ही बहुत बड़ी न हो, लेकिन टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई और साथ ही रोहित को ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे
इस मैच के बाद रोहित शर्मा 113 रनों के साथ ऑरेंज कैप स्टैंडिंग्स में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने अब तक 2 मैचों में 2 पारियां खेली हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 78 रन रहा है, जो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आया था. रोहित का औसत 56.50 और स्ट्राइक रेट 176.56 का है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है.
उन्होंने इस सीजन में अब तक 11 चौके और 7 छक्के जड़ दिए हैं. उनके बाद पंजाब किंग्स के कूपर कॉनोली 108 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के अंगकृष रघुवंशी 103 रनों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद हैं.
5 x Fours | 1 x Sixer
— Mumbai Indians (@mipaltan) April 4, 2026
35 on the day for RO. pic.twitter.com/WSC6ZvPu3A
उम्र सिर्फ एक संख्या, रोहित दे रहे उदाहरण
38 साल की उम्र में भी रोहित शर्मा का फॉर्म और फिटनेस युवा खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दे रहा है. ऑरेंज कैप की टॉप-5 सूची में वह इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनकी उम्र 30 साल से ज्यादा है. उनका अनुभव और निरंतर प्रदर्शन यह साबित करता है कि वह अभी भी टी20 क्रिकेट में उतने ही प्रभावी हैं जितने अपने करियर के शुरुआती दिनों में थे.
क्या खत्म होगा ऑरेंज कैप का इंतजार?
दिलचस्प बात यह है कि इतने सफल करियर के बावजूद रोहित शर्मा ने अब तक आईपीएल में एक बार भी ऑरेंज कैप नहीं जीती है. उनका सबसे बेहतरीन सीजन 2013 में रहा था, जब उन्होंने 19 मैचों में 538 रन बनाए थे. इसके अलावा वह किसी भी सीजन में 500 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके हैं. ऐसे में इस बार रोहित के पास अपने इस लंबे इंतजार को खत्म करने का शानदार मौका है.
आगे क्या रहेगा चुनौती?
हालांकि टूर्नामेंट अभी लंबा है और ऑरेंज कैप की रेस में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं. कई युवा और विस्फोटक बल्लेबाज इस दौड़ में शामिल हैं, जो किसी भी समय बाजी पलट सकते हैं.
अब देखना दिलचस्प होगा कि रोहित शर्मा अपनी इस लय को बरकरार रखते हैं या बाकी बल्लेबाज उन्हें पीछे छोड़ देते हैं. लेकिन फिलहाल, ‘हिटमैन’ का बल्ला जमकर बोल रहा है और वह ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: इस सीजन का पहला डबल हेडर आज, किन टीमों के बीच होगी टक्कर, कब और कहां खेले जाएंगे मैच?