IPL 2026: राइफल चलाने का सपना और बन गए क्रिकेटर... बिहार के एक और खिलाड़ी ने आईपीएल में रचा इतिहास

आईपीएल 2026 में इस बार सिर्फ बड़े नाम ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों से निकले खिलाड़ी भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं. बिहार की धरती से आने वाले युवा क्रिकेटर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं.

IPL 2026 SRH vs RR match Sakib Hussain Story from Bihar created history
Image Source: ANI

Sakib Hussain: आईपीएल 2026 में इस बार सिर्फ बड़े नाम ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों से निकले खिलाड़ी भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं. बिहार की धरती से आने वाले युवा क्रिकेटर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. पहले ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे नाम चर्चा में थे, लेकिन अब इस सूची में एक और नाम जुड़ गया है- साकिब हुसैन.

गोपालगंज के इस तेज गेंदबाज ने अपने पहले ही आईपीएल मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन किया कि हर कोई उनकी तारीफ करने लगा. सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, और उन्होंने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित कर दिया.

डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन

13 अप्रैल को हैदराबाद में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर उनके लगातार जीत के सिलसिले को रोक दिया. इस जीत में साकिब हुसैन की भूमिका बेहद अहम रही.

उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 24 रन देकर 4 विकेट लिए. इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने आईपीएल डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. उनसे पहले यह उपलब्धि अश्विनी कुमार ने हासिल की थी, जिन्होंने पिछले सीजन में 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए थे.

सेना में जाने का था सपना

21 वर्षीय साकिब हुसैन की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है. उनका सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का था. वे राइफल उठाकर देश की रक्षा करना चाहते थे.

लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था. कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने क्रिकेट को चुना और आज उसी में अपनी पहचान बना रहे हैं.

मां के त्याग ने बदली जिंदगी

साकिब हुसैन का जन्म 14 दिसंबर 2004 को बिहार के गोपालगंज में हुआ. उनके पिता किसान थे, लेकिन घुटनों में दर्द के कारण उन्हें खेती छोड़नी पड़ी. इससे परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई.

घर में जरूरी चीजों की कमी थी, ऐसे में क्रिकेट के लिए जूते खरीदना भी आसान नहीं था. लेकिन उनकी मां ने हार नहीं मानी. उन्होंने अपने गहने बेचकर साकिब के लिए जूते खरीदे, ताकि वह अपने सपने को आगे बढ़ा सकें.

मां के इस त्याग ने साकिब को और ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.

गेंदबाजी में क्या है खास?

साकिब हुसैन की गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत उनकी तेज रफ्तार है. इसके साथ ही उनकी स्लोअर गेंद भी बेहद खतरनाक मानी जाती है, जिसे समझ पाना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होता.

अपने आईपीएल डेब्यू में भी उन्होंने यही हुनर दिखाया. उन्होंने डोनोवन फरेरा को अपनी चालाक स्लोअर गेंद पर आउट किया, जो उनकी गेंदबाजी की विविधता को दर्शाता है.

घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन

अगर उनके टी20 करियर पर नजर डालें, तो साकिब हुसैन ने अब तक 13 मैचों में 14 विकेट लिए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 रन देकर 4 विकेट का रहा है, जो उन्होंने बिहार के लिए अपने दूसरे ही मैच में हासिल किया था.

यह आंकड़े बताते हैं कि वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं और आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें-  Aaj ka Rashifal: अवसरों से भरा होगा इन 3 राशि वालों का दिन, इनकी बढ़ेगी लोकप्रियता, पढ़ें आज का राशिफल