एशिया कप में भारत-पाक मैच से पीछे नहीं हट सकता BCCI? IPL चेयरमैन ने बताई मजबूरी बताई, जानें क्या कहा

Asia Cup 2025: यूएई में चल रहे एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्सुकता है.

IPL chairman Arun Dhumal reacts to IND vs PAK match in Asia Cup 2025
Image Source: Social Media

Asia Cup 2025: यूएई में चल रहे एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्सुकता है. इस बीच, आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने शुक्रवार को साफ कर दिया है कि सरकार ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है और एशिया कप (एसीसी) या विश्व कप (आईसीसी) जैसे बड़े टूर्नामेंट में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना होगा.

भारत-पाक क्रिकेट संबंधों पर सरकार का रुख साफ

अरुण धूमल ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज फिलहाल नहीं होंगी, लेकिन एसीसी और आईसीसी जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में मुकाबले जरूरी हैं. उन्होंने सरकार की सलाह का सम्मान करते हुए कहा कि बीसीसीआई पूरी तरह से इसके अनुसार कार्य करेगी.

सुरक्षा की चिंता के बीच जारी है क्रिकेट का सफर

हालांकि अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया था, और सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर विरोध हुआ था, पर धूमल ने भरोसा दिलाया कि सरकार की गाइडलाइन के तहत ही आगे बढ़ा जाएगा.

BCCI अध्यक्ष चुनाव जल्द शुरू होगा

धूमल ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की जानकारी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और फिर पता चलेगा कि अगला अध्यक्ष कौन होगा.

ड्रीम11 की विदाई पर बोले धूमल

हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग पर लगी पाबंदी के बाद भारतीय टीम के टाइटल स्पॉन्सर ड्रीम11 के जाने को लेकर अरुण धूमल ने इसे एक समाप्त हो चुकी घटना बताया और कहा कि अब नए प्रायोजक की तलाश शुरू हो चुकी है, जो दो-तीन सप्ताह में साफ हो जाएगी.

आईपीएल की सफलता का राज

आईपीएल की सफलता को लेकर धूमल ने बीसीसीआई की तारीफ की और बताया कि इस लीग की नींव 2008 से पहले ही मजबूत हो चुकी थी. उन्होंने कहा कि आईपीएल इसलिए खास है क्योंकि यहाँ हर गेंद पर दर्शकों का जोश और उत्साह देखने को मिलता है. उन्होंने युवाओं की प्रतिभा को निखारने पर ज़ोर देते हुए कहा कि खिलाड़ियों के विकास पर ध्यान दिया जाए, तो लीग अपने आप सफल हो जाएगी. 

ये भी पढ़ें: भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला! कब और कहां देख पाएंगे Live Streaming, यहां जानें पूरी डिटेल्स