IPL 2026: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे RCB के मुकाबले, कर्नाटक सरकार से मिली मंजूरी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए एक बड़ी और लंबे समय से इंतजार की जा रही खुशखबरी सामने आई है.

IPL RCB matches will be held at Chinnaswamy Stadium in Bengaluru
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए एक बड़ी और लंबे समय से इंतजार की जा रही खुशखबरी सामने आई है. बेंगलुरु स्थित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबलों के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है. कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को इस संबंध में कर्नाटक सरकार के गृह विभाग से आधिकारिक अनुमति मिल गई है.

हालांकि यह मंजूरी कुछ खास शर्तों और नियमों के साथ दी गई है, जिन्हें पूरी तरह लागू करना KSCA के लिए अनिवार्य होगा.

शर्तों के साथ मिली हरी झंडी

KSCA ने सरकार और संबंधित एजेंसियों द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों के तहत एक विस्तृत अनुपालन रोडमैप पहले ही एक्सपर्ट रिव्यू कमेटी को सौंप दिया है. इस रोडमैप में स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन बचाव प्रणाली और भीड़ प्रबंधन से जुड़े सभी अहम बिंदुओं को शामिल किया गया है.

KSCA के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृथ्युंजय ने बताया कि एसोसिएशन सभी निर्धारित सुरक्षा उपायों को पूरी गंभीरता से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. वहीं, KSCA के अध्यक्ष बी. के. वेंकटेश प्रसाद जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस फैसले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा कर सकते हैं.

क्यों बंद हुआ था चिन्नास्वामी स्टेडियम?

यह मंजूरी ऐसे समय पर आई है, जब चिन्नास्वामी स्टेडियम को बीते कुछ महीनों से क्रिकेट गतिविधियों के लिए बंद रखा गया था. 4 जून को हुई एक दुखद घटना में 11 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने स्टेडियम में सभी तरह के आयोजनों पर रोक लगा दी थी.

इस घटना का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक देखने को मिला. महिला विश्व कप के कई मैच, जिनमें फाइनल मुकाबला भी शामिल था, दूसरे वेन्यू पर शिफ्ट करने पड़े. इसके अलावा, आईपीएल 2026 के लिए RCB को अपने घरेलू मुकाबलों के लिए नवी मुंबई और रायपुर को वैकल्पिक वेन्यू के रूप में फाइनल करना पड़ा था.

घटना के बाद कई गिरफ्तारियां भी हुई थीं और टीम मैनेजमेंट से लंबी पूछताछ की गई थी. खासतौर पर उस समय विवाद गहराया, जब यह सामने आया कि पुलिस ने शुरुआत में परेड की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. हालांकि, बीते कुछ महीनों में हालात धीरे-धीरे सामान्य होते नजर आए.

सरकार से अनुमति दिलाने में अहम भूमिका

KSCA अध्यक्ष बी. के. वेंकटेश प्रसाद ने शुरुआत से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि उनका लक्ष्य हर हाल में आईपीएल मुकाबलों को बेंगलुरु वापस लाना है. इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं और सुरक्षा को लेकर भरोसेमंद कार्ययोजना पेश की.

इसी कड़ी में, हाल ही में RCB ने स्टेडियम में AI आधारित कैमरों की स्थापना की घोषणा की थी. इन आधुनिक कैमरों का उद्देश्य दर्शकों की आवाजाही पर नजर रखना और भीड़ नियंत्रण को बेहतर बनाना है. इस तकनीकी कदम को मंजूरी मिलने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- भारत के लिए क्यों जरूरी है ईरान का चाबहार बंदरगाह, क्या अमेरिका के दबाव में पीछे हट जाएगा नई दिल्ली?