अचानक राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स को क्यों कहा अलविदा? फ्रेंचाइजी ने दी प्रतिक्रिया

Rahul Dravid quit Rajasthan Royals: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की तैयारियों से ठीक पहले एक अहम फैसला लेते हुए अपने हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ आधिकारिक रूप से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं.

IPL Why did Rahul Dravid suddenly say goodbye to Rajasthan Royals The franchise reacted
Image Source: Social Media/ X

Rahul Dravid quit Rajasthan Royals: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की तैयारियों से ठीक पहले एक अहम फैसला लेते हुए अपने हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ आधिकारिक रूप से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं. यह कदम ऐसे समय पर आया है जब टीम पिछले सीजन में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के चलते प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले ही बाहर हो गई थी.

राहुल द्रविड़ ने 2024 में भारत के मुख्य कोच का कार्यकाल पूरा करने के बाद राजस्थान रॉयल्स से दोबारा नाता जोड़ा था. लेकिन सिर्फ एक सीजन में ही उन्होंने यह जिम्मेदारी छोड़ने का निर्णय लिया है. टीम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए द्रविड़ के योगदान की सराहना की है और उनके लिए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं.

टीम में बदलाव या मतभेद? उठ रहे हैं कई सवाल

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जहां टीम 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी और पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही. ऐसे में राहुल द्रविड़ का जाना कई सवाल खड़े करता है, क्या ये प्रदर्शन से जुड़ा फैसला था, या टीम के भीतर चल रही रणनीतिक असहमति का परिणाम?

गौरतलब है कि बीते सीजन में द्रविड़ और कप्तान संजू सैमसन के बीच मतभेद की अटकलें भी मीडिया में सामने आई थीं, हालांकि दोनों ने इन खबरों को खारिज किया था.

राजस्थान रॉयल्स ने जताया द्रविड़ के प्रति सम्मान

फ्रेंचाइजी की प्रेस रिलीज में कहा गया, "राहुल द्रविड़ ने टीम के मूल्यों और संस्कृति पर गहरी छाप छोड़ी है. उनके नेतृत्व में युवाओं को विकसित होने का अवसर मिला और टीम की सोच में स्थिरता आई." रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक उच्च भूमिका की पेशकश भी की थी, लेकिन द्रविड़ ने इसे विनम्रता से अस्वीकार कर दिया.

क्या होगा अगला कदम?

अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि राजस्थान रॉयल्स नए हेड कोच के रूप में किसे लाएगी? क्या विदेशी कोच की वापसी होगी या फिर किसी पूर्व भारतीय खिलाड़ी को ये जिम्मेदारी सौंपी जाएगी? और दूसरी ओर, द्रविड़ के अगले कदम को लेकर भी अटकलें शुरू हो चुकी हैं कि क्या वो फिर से राष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़ेंगे, या कोई नई पारी शुरू करेंगे?

यह भी पढ़ें- ISI की नींद उड़ी! आतंकियों के 'समंदर चाचा' को सुरक्षाबलों ने किया ढेर, जानें क्यों पाकिस्तान के लिए था इतना अहम