छठ से पहले डाउन हुई IRCTC की वेबसाइट...ठप पड़ी वेबसाइट और ऐप

त्योहारों के सीजन में जहां एक ओर ट्रेनों में भीड़ चरम पर है, वहीं दूसरी ओर IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. शनिवार सुबह से ही कई यूजर्स को टिकट बुकिंग में दिक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि एक बार फिर IRCTC का ऑनलाइन सिस्टम ठप हो गया.

IRCTC Website server down during Chhath people facing problem in booking ticket
Image Source: Social Media

त्योहारों के सीजन में जहां एक ओर ट्रेनों में भीड़ चरम पर है, वहीं दूसरी ओर IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. शनिवार सुबह से ही कई यूजर्स को टिकट बुकिंग में दिक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि एक बार फिर IRCTC का ऑनलाइन सिस्टम ठप हो गया.

कई यात्रियों ने शिकायत की कि वेबसाइट और ऐप पर वे न तो लॉगिन कर पा रहे हैं और न ही टिकट बुक कर पा रहे हैं. आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector के अनुसार, सुबह करीब 10:01 बजे तक 180 से अधिक यूजर्स ने वेबसाइट डाउन होने की रिपोर्ट दी. इनमें से 52% शिकायतें मोबाइल ऐप से जुड़ी थीं जबकि 45% वेबसाइट पर लॉगिन और पेमेंट में दिक्कत की थीं.

IRCTC ने दिया जवाब, शिकायत दर्ज कराने की दी सलाह

हालांकि अब तक IRCTC की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन संस्था ने अपने X (ट्विटर) हैंडल पर यूजर्स को सुझाव दिया है कि वे अपनी शिकायतें या तकनीकी समस्याएं निम्न लिंक पर दर्ज करें: https://equery.irctc.co.in/irctc_equery/ IRCTC ने स्पष्ट किया कि यात्री अपनी शिकायतें रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी से दर्ज कर सकते हैं ताकि समस्या का समाधान जल्द किया जा सके.

सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा फूटा

टिकट बुकिंग के दौरान आई तकनीकी दिक्कतों से परेशान यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. कई यूजर्स ने लिखा कि तत्काल टिकट बुकिंग टाइम पर वेबसाइट पिछले कई दिनों से सुचारु रूप से काम नहीं कर रही है. एक यूजर ने दावा किया कि “पिछले तीन-चार दिनों से IRCTC ऐप हर दिन तत्काल समय पर हैंग हो जाता है.”

त्योहारों की भीड़ से निपटने को रेलवे ने बढ़ाई तैयारियां

इस बीच भारतीय रेलवे ने दिवाली और छठ पर्व को देखते हुए देशभर में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं ताकि यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभाला जा सके. प्रमुख रेलवे स्टेशनों जैसे नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और उधना पर अतिरिक्त होल्डिंग एरिया और यात्री सुविधाएं बढ़ाई गई हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और यात्रा संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक चैनलों पर ही भरोसा करें.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान सीमा पर 12 दिन गरजेंगी तोपें, भारत ने जारी किया NOTAM, तीनों सेनाएं करेंगी मिलिट्री ऑपरेशन