Is It Good To Drink Turmeric Milk Before Bed: सर्दियों में भारतीय घरों में हल्दी वाला दूध पीने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को रात में सोने से पहले हल्दी दूध पीने की सलाह दी जाती है. दूध में हल्दी, काली मिर्च, अदरक और दालचीनी मिलाकर बनाया गया यह पेय सिर्फ स्वादिष्ट नहीं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है.
सेहत के लिए क्यों है फायदेमंद?
हल्दी में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीमाइक्रोबियल गुण शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करते हैं. सर्दियों में यह सर्दी, खांसी और फ्लू से बचाव में सहायक होता है. बुजुर्गों के लिए यह जोड़ों के दर्द, गठिया और मांसपेशियों में होने वाले दर्द में राहत देने में मदद कर सकता है. साथ ही यह गले की खराश कम करने और बेहतर नींद लाने में भी योगदान देता है.
सही समय: सोने से ठीक पहले नहीं
कई लोग इसे सोने से ठीक पहले पीने की गलती कर बैठते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि रात के खाने और हल्दी दूध पीने के बीच कम से कम एक से दो घंटे का अंतर होना चाहिए. हल्दी दूध कैलोरी से भरपूर होता है और इसे तुरंत पीकर सो जाने से पाचन प्रणाली पर असर पड़ सकता है. हल्दी में करक्यूमिन के गुण पाचन में मदद करते हैं, लेकिन सोने से ठीक पहले पीने पर कुछ लोगों में एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की समस्या बढ़ सकती है.
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
कुछ लोगों को हल्दी दूध पीते समय विशेष सावधानी की जरूरत होती है. गॉलब्लैडर से जुड़ी समस्या वाले इसे न लें, क्योंकि हल्दी पित्त के स्राव को बढ़ा सकती है. ब्लड थिनर दवाइयां लेने वालों को हल्दी सीमित मात्रा में ही लेनी चाहिए, अन्यथा ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है. आयरन की कमी वाले लोग भी इसका अधिक सेवन न करें, क्योंकि हल्दी आयरन के अवशोषण को प्रभावित कर सकती है.
डॉक्टर की सलाह
अगर आप गर्भवती हैं, लिवर की बीमारी से पीड़ित हैं या किसी सर्जरी की योजना बना रहे हैं, तो हल्दी दूध नियमित रूप से लेने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है. सही मात्रा और सही समय पर इसका सेवन ही इसे सुरक्षित और फायदेमंद बनाता है.
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
ये भी पढ़ें: Fatty Liver Disease: आप भी फैटी लिवर से हैं परेशान? ये 8 गलत आदतें पहुंचा रहीं नुकसान, जानें सबकुछ