यूक्रेन और रूस के बीच चल रही जंग ने अब तक तीन साल से ज्यादा वक्त ले लिया है, लेकिन शांति की कोई ठोस दिशा अब तक नजर नहीं आई. ऐसे में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात कर एक बार फिर उम्मीद जताई है कि यह युद्ध जल्द खत्म हो सकता है. जेलेंस्की ने इस बातचीत को "सकारात्मक और सार्थक" बताया है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने खुद इस बातचीत की जानकारी अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा की. उन्होंने लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई उनकी बातचीत बेहद सकारात्मक रही. जेलेंस्की ने ट्रंप को मध्य पूर्व में हुए शांति समझौते के लिए बधाई देते हुए कहा कि जब गाजा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में युद्ध को रोका जा सकता है, तो रूस और यूक्रेन के बीच चल रही लड़ाई को भी खत्म किया जा सकता है.
शांति की राह ‘ताकत’ से ही निकलेगी
जेलेंस्की ने बताया कि इस बातचीत के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली पर रूस के ताजा हमलों की जानकारी दी. इसके अलावा, दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन की वायु सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि रूस को यदि वास्तव में शांति प्रक्रिया में शामिल करना है, तो उसके लिए शक्ति और दृढ़ नीतियों की आवश्यकता होगी. उन्होंने ट्रंप की ओर से मिले समर्थन के लिए आभार भी जताया.
गाजा में संघर्ष खत्म होने का दावा कर चुके हैं ट्रंप
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने गाजा में चल रहे संघर्ष को खत्म कर दिया है. ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और हमास के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद मध्य पूर्व में शांति बहाली की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है. ट्रंप ने 9 अक्टूबर को ओवल ऑफिस से एक बयान में कहा था, "हमने गाजा में न सिर्फ युद्ध रोका, बल्कि बड़े पैमाने पर शांति स्थापित करने में भी कामयाबी हासिल की. यह वही क्षेत्र है, जहां लोग मानते थे कि कुछ भी संभव नहीं है."
क्या अब रूस-यूक्रेन युद्ध की बारी है?
जेलेंस्की की यह अपील और ट्रंप से हुई बातचीत संकेत दे रही है कि यूक्रेन अब अमेरिकी नेतृत्व से सक्रिय कूटनीतिक प्रयास की उम्मीद कर रहा है. अगर गाजा में शांति की राह निकल सकती है, तो यूरोप के इस लंबे युद्ध को भी विराम देने के प्रयास तेज़ हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी से मिले अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर, ट्रंप के संदेश और साइन वाली तस्वीर भेंट की