Israel Hamas war: दो साल से जारी इजरायल-गाजा संघर्ष के बीच सोमवार को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक अहम बैठक हो रही है. इस बातचीत का उद्देश्य गाजा में शांति की संभावना को टटोलना है.
इस बीच एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. कतर ने दावा किया है कि फिलीस्तीनी संगठन हमास अब हथियार छोड़ने को तैयार है. यह बयान ऐसे समय आया है जब गाजा में युद्ध विराम को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव लगातार बढ़ रहा है.
कतर का दावा: हमास अब हथियारबंदी के लिए तैयार
कतर सरकार के मुताबिक, हमास अब इस बात पर राज़ी है कि वह संघर्ष को खत्म करने के लिए अपने हथियार छोड़ सकता है. यह एक बड़ी कूटनीतिक पहल मानी जा रही है, क्योंकि हमास ने अब तक इस तरह की नरमी बहुत कम दिखाई है. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि किसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसी या संयुक्त राष्ट्र द्वारा नहीं की गई है, लेकिन इसकी चर्चा अमेरिकी और इजरायली राजनीतिक गलियारों में ज़ोरों पर है.
ट्रंप का भरोसा: “गाजा में शांति होगी, मुझे पूरा यकीन है. इजरायली पीएम नेतन्याहू के साथ व्हाइट हाउस में मुलाकात से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि “मुझे पूरा भरोसा है कि गाजा में शांति स्थापित होगी. मैं पूरी तरह कॉन्फ़िडेंट हूं. यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस संघर्ष को दो साल पूरे होने को हैं और हजारों जानें जा चुकी हैं. ट्रंप का यह आशावाद आने वाले समय में मध्य पूर्व की राजनीति में बड़ा संकेत माना जा सकता है.
नेतन्याहू ने कतर से मांगी माफी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में इजरायली सेना द्वारा कतर की राजधानी दोहा के पास किए गए एक हवाई हमले में हमास के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पांच लोग मारे गए थे. अब खबर ये है कि इस हमले के लिए नेतन्याहू ने कतर के प्रधानमंत्री से फोन पर माफी मांगी है. यह माफी दर्शाती है कि इजरायल अब शांति वार्ता को लेकर नरमी दिखाने को तैयार है, खासकर ऐसे समय में जब हमास के रुख में भी बदलाव देखने को मिल रहा है.
क्या गाजा में अब युद्ध की जगह शांति होगी?
7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजरायल पर हमला किया था, जब यहूदी समुदाय सिमचत तोराह का पर्व मना रहा था. इसके बाद से ही इजरायल ने गाजा में सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी, जो अब तक जारी है. अब जबकि दो साल के लंबे संघर्ष के बाद हमास हथियार छोड़ने की बात कर रहा है, नेतन्याहू ने कतर से संबंधों को सुधारने की पहल की है और ट्रंप ने भी शांति की उम्मीद जताई है, तो यह सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है क्या अब इजरायल गाजा पर हमले बंद करेगा? क्या क्षेत्र में स्थायी शांति की शुरुआत हो रही है?
यह भी पढ़ें: जिस सऊदी अरब में नहीं है एक भी नदी और झील, वहां कहां से आता है पानी? जानें रोचक बातें