गाजा में शांति होते ही इजरायल ने खोल दिया दूसरा मोर्चा, इस देश पर दागे 10 बम, देखें धमाके का VIDEO

गाजा पट्टी में हमास और इजरायल के बीच युद्धविराम के बाद जब क्षेत्र में शांति लौटने की उम्मीद बनी, उसी समय इजरायल ने दक्षिण लेबनान में एक नया सैन्य अभियान शुरू कर दिया.

Israel opens a second front as soon as peace is restored in Gaza
Image Source: Social Media

तेल अवीव/बेरुत: गाजा पट्टी में हमास और इजरायल के बीच युद्धविराम के बाद जब क्षेत्र में शांति लौटने की उम्मीद बनी, उसी समय इजरायल ने दक्षिण लेबनान में एक नया सैन्य अभियान शुरू कर दिया. शनिवार को इजरायली वायुसेना ने लेबनान के सिडोन जिले के अल-नजरियाह गांव में कई हवाई हमले किए. इन हमलों का लक्ष्य था- हिजबुल्लाह के आतंकी ढांचे से जुड़े इंजीनियरिंग उपकरण और गतिविधियां, जिन्हें इजरायल ने अपनी सुरक्षा के लिए खतरा बताया है.

इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस अभियान में उत्तरी कमान की अगुवाई में उन स्थानों को निशाना बनाया गया, जहां पर हिजबुल्लाह संगठन दक्षिण लेबनान में अपने बुनियादी ढांचे को फिर से खड़ा करने के लिए इंजीनियरिंग टूल्स का इस्तेमाल कर रहा था.

IDF के बयान के मुताबिक, "हमने उन जगहों पर सटीक हवाई हमले किए, जहां भारी उपकरण जैसे बुलडोजर और खुदाई मशीनें मौजूद थीं. ये उपकरण आतंकी गतिविधियों को फिर से खड़ा करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे."

नागरिकों को मानव ढाल बनाने का आरोप

इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "हिजबुल्लाह जानबूझकर लेबनानी नागरिकों को अपने आतंकी ढांचे के आसपास रखकर मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहा है."

IDF ने यह भी कहा कि हिजबुल्लाह की गतिविधियां, इजरायल और लेबनान के बीच हुए समझौतों का उल्लंघन हैं. सेना ने संकेत दिया है कि इस तरह के ऑपरेशन आगे भी जारी रह सकते हैं यदि हिजबुल्लाह अपनी गतिविधियों को नहीं रोकता.

विस्फोट और मौत की पुष्टि

हिजबुल्लाह से जुड़े अल-मनार टीवी चैनल ने इन हवाई हमलों के फुटेज जारी किए हैं, जिसमें एक विशाल विस्फोट और नारंगी रंग का धुआं उठता देखा गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो अन्य लोग घायल हो गए हैं.

अल-जज़ीरा की रिपोर्ट में बताया गया कि हमले का लक्ष्य था- एक ऐसा क्षेत्र जहां भारी मशीनरी रखी गई थी. इसे हिजबुल्लाह के पुनर्निर्माण प्रयासों से जोड़ा जा रहा है.

लेबनान के राष्ट्रपति की कड़ी प्रतिक्रिया

लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा, "दक्षिण लेबनान को एक बार फिर इजरायली हमले का सामना करना पड़ा है. यह हमला नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किया गया, जिसे किसी भी हाल में जायज़ नहीं ठहराया जा सकता."

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि इन हमलों में एक नागरिक की मौत और दो के घायल होने की जानकारी मिली है.

संदिग्धों की गिरफ्तारी से पहले हुआ हमला

गौरतलब है कि इन हवाई हमलों से कुछ समय पहले ही लेबनान में 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने इजरायल को हिजबुल्लाह से जुड़ी खुफिया जानकारी प्रदान की, जिसके आधार पर कुछ निशाने तय किए गए.

यह गिरफ्तारियां लेबनान में पहले से जारी एक आंतरिक जांच के तहत हुईं, जिसमें इजरायली खुफिया एजेंसी से संपर्क रखने के आरोप लगे थे.

ये भी पढ़ें- तालिबान को समझा गुलाम, प्यादे की तरह किया इस्तेमाल... पाकिस्तान क्यों हार गया अफगानिस्तान की बाजी?