IND vs PAK मैच में पाकिस्‍तान की हुई इंटरनेशनल बेइज्‍जती, राष्‍ट्रगान की जगह बजा 'जलेबी बेबी' गाना

एशिया कप 2025 के बहुचर्चित भारत-पाकिस्तान मुकाबले से ठीक पहले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एक ऐसी घटना हुई जिसने पाकिस्तान को दुनिया भर के सामने शर्मसार कर दिया.

Jalebi Baby song played instead of Pakistan national anthem
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

दुबई: एशिया कप 2025 के बहुचर्चित भारत-पाकिस्तान मुकाबले से ठीक पहले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एक ऐसी घटना हुई जिसने पाकिस्तान को दुनिया भर के सामने शर्मसार कर दिया. मैच से पहले राष्ट्रगान की परंपरा निभाई जा रही थी, लेकिन आयोजकों से ऐसी भूल हो गई जिसने पूरे माहौल को एक पल के लिए चौंका दिया.

टॉस से चंद मिनट पहले जैसे ही स्टेडियम के लाउडस्पीकर पर आवाज गूंजी, सभी को उम्मीद थी कि अब पाकिस्तान का राष्ट्रगान "पाक सरज़मीन" बजने वाला है. लेकिन उसकी जगह बजने लगा कनाडाई-भारतीय पॉप सिंगर Tesher का फेमस गाना ‘Jalebi Baby’. इस अप्रत्याशित गड़बड़ी ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों, दर्शकों और अधिकारियों को हैरान कर दिया.

स्टेडियम में पसरा असहज सन्नाटा

जैसे ही गाने की शुरुआत हुई, मैदान पर खड़े खिलाड़ी और डगआउट में बैठे कोचिंग स्टाफ ने एक-दूसरे की तरफ देखा. पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा और अन्य खिलाड़ी पूरी तरह असमंजस में नजर आए. कुछ सेकंड के लिए स्टेडियम में सन्नाटा छा गया.

दर्शक भी पहले तो समझ नहीं पाए कि यह क्या हो रहा है, लेकिन जैसे ही लोगों को अहसास हुआ कि राष्ट्रगान की जगह एक पॉप गाना बज रहा है, सोशल मीडिया पर हंसी और हैरानी का तूफान आ गया. इस घटना का वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया और मीम्स की भरमार लग गई.

हालांकि आयोजकों ने तुरंत स्थिति संभाली और कुछ ही मिनटों बाद पाकिस्तान का सही राष्ट्रगान बजाया गया, लेकिन तब तक यह शर्मिंदगी पूरी दुनिया के सामने उजागर हो चुकी थी.

राजनीतिक तनाव के बीच चूक बना मुद्दा

यह चूक सामान्य नहीं मानी जा सकती, खासकर उस मैच में जिसमें दोनों देशों के बीच राजनीतिक रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले हमेशा केवल खेल नहीं होते, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, भावनाएं और गर्व की लड़ाई भी होते हैं. ऐसे में इस तरह की गड़बड़ी को केवल एक तकनीकी गलती कहकर टालना आसान नहीं.

विशेषकर इस समय जब सीमा पर स्थिति नाजुक है, और दोनों देशों की सरकारें एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं, ऐसे में राष्ट्रगान जैसी संवेदनशील चीज में चूक कूटनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी बेहद गंभीर मानी जाती है.

ये भी पढ़ें- अपनी ही सेना के लिए जहन्नुम बना पाकिस्तान, विद्रोहियो ने एक ही दिन में 19 सैनिकों को मारा, मुनिर परेशान!