बिहार का वो मंदिर, जहां जिंदा लोग कराते हैं अपना श्राद्ध और पिंडदान; जानें क्यों शुरू हुई ये परंपरा

Janardan Temple Gaya: क्या आपने कभी सुना है कि कोई व्यक्ति अपने जीते-जी अपना श्राद्ध और पिंडदान करता हो? सुनने में अजीब लगता है, लेकिन बिहार के गया में स्थित एक ऐसा मंदिर है, जहां ये परंपरा सदियों से निभाई जा रही है.

Janardan temple of Gaya where living people perform their shraddha and pinddaan
Image Source: ANI/ File

Janardan Temple Gaya: क्या आपने कभी सुना है कि कोई व्यक्ति अपने जीते-जी अपना श्राद्ध और पिंडदान करता हो? सुनने में अजीब लगता है, लेकिन बिहार के गया में स्थित एक ऐसा मंदिर है, जहां ये परंपरा सदियों से निभाई जा रही है. हर साल लाखों लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध करते हैं, लेकिन जनार्दन मंदिर में लोग खुद के जीवन का आखिरी अध्याय जीते-जी ही लिख आते हैं.

आइए जानते हैं कि ये परंपरा क्या है, क्यों निभाई जाती है और इस रहस्यमय लेकिन पवित्र मंदिर तक कैसे पहुंचा जा सकता है.

पिंडदान: सिर्फ मृतकों के लिए नहीं...

हिंदू धर्म में पितृपक्ष एक ऐसा समय होता है, जब हम अपने पूर्वजों को याद करते हैं. ये वो दिन होते हैं जब हम तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान के ज़रिए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं. लेकिन गया का जनार्दन मंदिर इस परंपरा को एक नया ही आयाम देता है. यहां लोग अपने जीवन में रहते हुए खुद का पिंडदान करते हैं, वो भी पूरे विधि-विधान के साथ.

क्या है जनार्दन मंदिर की खासियत?

गया के भस्मकूट पर्वत पर स्थित जनार्दन मंदिर एक प्राचीन और पवित्र स्थल है, जहां भगवान विष्णु जनार्दन रूप में विराजते हैं. यह मंदिर सिर्फ धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आत्मिक रूप से भी बहुत गहरा महत्व रखता है.

इस मंदिर में पिंडदान की परंपरा हजारों वर्षों से चली आ रही है. यहां लोग अपनी मुक्ति की कामना के साथ पिंडदान करते हैं, ताकि भविष्य में कोई अधूरापन न रहे. खासकर वे लोग जो संतानविहीन हैं, या फिर वैराग्य धारण कर चुके हैं, वे जीवन में ही यह कर्म पूरा कर लेते हैं.

कौन करता है जीते-जी पिंडदान?

जनार्दन मंदिर में हर श्रद्धालु अपना पिंडदान नहीं करता. यह परंपरा कुछ विशेष परिस्थितियों में निभाई जाती है. जैसे जिनके कोई संतान नहीं है, जो उनके मरने के बाद श्राद्ध कर सके. जिनका परिवार है, लेकिन वे सन्यास या वैराग्य अपना चुके हैं. वे लोग जो जीवन की अंतिम यात्रा से पहले ही धार्मिक शांति की प्राप्ति चाहते हैं. ऐसा माना जाता है कि जीवन में पिंडदान करने से इंसान पुनर्जन्म के बंधन से मुक्त हो सकता है और उसकी आत्मा को पूर्ण शांति मिलती है.

कैसे पहुंचें जनार्दन मंदिर, गया?

इस मंदिर तक पहुंचना बहुत सरल है, क्योंकि गया शहर कई बड़े रास्तों और शहरों से जुड़ा हुआ है.

  • रेल मार्ग: नजदीकी स्टेशन गया जंक्शन है, जो मंदिर से करीब 10-12 किमी दूर है. यहां से टैक्सी, ऑटो या बस आसानी से मिल जाती है.
  • हवाई मार्ग: नजदीकी एयरपोर्ट गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट (बोधगया एयरपोर्ट) है, जो मंदिर से लगभग 15-18 किमी की दूरी पर है.
  • सड़क मार्ग: गया शहर, पटना (100 किमी) और बोधगया (15 किमी) जैसे शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है. आप बस, टैक्सी या अपनी गाड़ी से भी पहुंच सकते हैं.

यह भी पढ़ें- इंतजार हुआ खत्म! इस दिन से शुरू होगी माता वैष्णो देवी यात्रा, यहां से ले सकते है जानकारी